रायफल साफ करते समय चली गोली, पूर्व पार्षद के बेटे की मौत
लोणावला के भुशी क्षेत्र की घटना

* लाइसेंसी रायफल की गोली सीने में लगी
* पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर जांच शुरू की
लोणावला/दि.6 – लोणावला के भुशी क्षेत्र में लाइसेंसी रायफल की सफाई के दौरान गोली चलने से 33 वर्षीय अभय माणिक मराठे की मौत हो गई. अभय शहर के पूर्व पार्षद एवं व्यवसायी माणिक मराठे के बेटे थे. गोली उनके सीने में लगी. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद लोणावला शहर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रायफल अपने कब्जे में ली है और गोली चलने की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अभय मराठे अपने पिता की लाइसेंसी रायफल साफ कर रहे थे. इसी दौरान अचानक गोली चल गई और उनके सीने में जा लगी. गोली की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. अभय को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
* रायफल में गोली लोड थी या नहीं, जांच का विषय
पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर रायफल कब्जे में ली है. फिलहाल इस मामले में कई सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे. रायफल में गोली पहले से लोड थी या नहीं, सफाई के दौरान हथियार की स्थिति क्या थी, ट्रिगर किस परिस्थिति में दबा और गोली किस दिशा से चली, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस ने फिलहाल मामले में अकस्मात मृत्यु के रूप में नोंद की है. हालांकि, घटना की पूरी पृष्ठभूमि और गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की दिशा तय होगी.
* अचानक चली गोली से परिवार में शोक
गोली चलने की घटना से भुशी क्षेत्र में हड़कंप मच गया. परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है. व्यवसायी परिवार से जुड़े अभय के असामयिक निधन से लोणावला में भी शोक व्यक्त किया जा रहा है. पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, रायफल की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. हथियार की तकनीकी जांच से भी गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलने की संभावना है.





