अकोला में एफडीए की कार्रवाई

1900 किलो मिठाई का स्टॉक जब्त

* गुजरात से अस्वच्छ तरीके से लायी जा रही थी खेप
* 5.72 लाख रुपए का माल लिया गया कब्जे में
* तीन व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित
अकोला/दि.6 – गुजरात से महाराष्ट्र में अस्वच्छ एवं अनारोग्यकर परिस्थितियों में मिठाई का परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है. अकोला में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सोमवार दोपहर कार्रवाई करते हुए करीब 1900 किलो मिठाई का स्टॉक जब्त किया है, जिसकी कीमत 5 लाख 72 हजार रुपए बताई गई है. यह माल अहमदाबाद से दो ट्रकों के जरिए अकोला लाया जा रहा था. कार्रवाई के बाद संबंधित तीन व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं.
खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सोमवार दोपहर रैलीजीन क्षेत्र स्थित आरको ट्रांसपोर्ट कंपनी में अहमदाबाद से मिठाई का स्टॉक पहुंचने की जानकारी मिली थी. इसके बाद विभाग की टीम ने वहां पहुंचकर जांच की. जांच के दौरान दो ट्रकों में विभिन्न ब्रांड की मिठाइयां अस्वच्छ एवं अनारोग्यकर तरीके से परिवहन किए जाने की जानकारी सामने आई.
कार्रवाई के दौरान स्वीट हलवा (अंबिका), ट्रेडिशनल स्वीट, हलवा, रिच स्वीट (अंबिका), ब्रजनिधि स्वीट और मुरलीधर स्वीट सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का स्टॉक पाया गया. यह माल अहमदाबाद से ट्रक क्रमांक एमपी-09/एचक्यू-5004 और एमएच-28/एबी-7882 के जरिए लाया गया था. अन्न व औषधि प्रशासन ने मिठाइयों के आवश्यक खाद्य नमूने जांच के लिए लिए हैं. नमूने लेने के बाद शेष करीब 1900 किलो स्टॉक को जब्त कर लिया गया. विभाग के अनुसार, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के परिवहन को देखते हुए यह कार्रवाई की गई.
जांच के दौरान यह माल अकोला में मंगाने वाले व्यापारियों के संबंध में जानकारी सामने आने के बाद कमल शर्मा, वैभव पाटील और अशोक आहूजा के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं. खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से आगे की जांच की जा रही है.
* मनपा के प्रकल्प में नष्ट किया जाएगा माल
जब्त किया गया मिठाई का स्टॉक अब अकोला महानगरपालिका के प्रकल्प में नष्ट किए जाने की प्रक्रिया की जाएगी. खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने त्योहारी सीजन को देखते हुए नागरिकों से खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है.

Back to top button