इर्विन अस्पताल में गले से सोने की चेन चोरी
रिश्तेदार को देखने गई थी महिला

5 ग्राम की करीब 40 हजार रुपए कीमत की चेन पर चोर ने किया हाथ साफ
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
अमरावती/दि.8 – इर्विन अस्पताल में मरीजों और उनके रिश्तेदारों के गहने तथा नकदी चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामले में मंगलवार रात अज्ञात चोर ने मरीज को देखने पहुंची एक महिला के गले से करीब 5 ग्राम वजन की 40 हजार रुपए कीमत की सोने की चेन चुरा ली. घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक महिला का बड़ा दामाद कृष्णराव खणखणे इर्विन अस्पताल के वार्ड क्रमांक 6 में भर्ती है. मंगलवार रात महिला अपने छोटे दामाद कैलाश राऊत के साथ उसे देखने अस्पताल पहुंची थी. वार्ड में पहुंचने के बाद महिला ने करीब आधे घंटे तक अपने बड़े दामाद से बातचीत की. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने महिला के गले से सोने की चेन चुरा ली. दामाद से मिलने के बाद जब महिला वापस जाने लगी, तब उसे गले में चेन नहीं होने का पता चला. उसने आसपास तलाश की, लेकिन चेन नहीं मिली. घटना से अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया.
* सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम इर्विन अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई. महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है.





