ट्रेनों में चूहें कर रहे सफर, यात्री परेशान

रेलवे ने शुरु की पकडने की कवायद, दुरंतो एक्सप्रेस में लगाए पिंजरे

नागपुर/दि.8 – नागपुर स्टेशन से गुजरने और यहां से शुरु होने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में चूहों की समस्या बढने लगी है. जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है. आरक्षित कोच में भी चूहें खुलेआम घुम रहे है, यात्रियों के सामान कुतर रहे हैं. रेलवे ने चूहों को पकडने के लिए कवायद शुरु की है. इसके तहत नागपुर-मुंबई-नागपुर दुरंतो एक्सप्रेस में पिंजरे लगाए गए हैं. नागपुर रेलवे स्टेशन से रोजाना 100 से ज्यादा यात्री ट्रेने गुजरती है. करीब एक दर्जन ट्रेन नागपुर से ही शुरु होती है. इन दिनों रेलवे स्टेशन पर विकास कार्य होने से जगह-जगह खुदाई हुई है. ऐसे में अब चूहें प्लेटफॉर्म पर रुकी गाडियों के भीतर घुस रहे है. नागपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म, ट्रैक और फूड स्टॉल के पास बडे-बडे चूहों को भागते-दौडते आसानी से देखा जा सकता है.
यात्रियों को क्या परेशानी? : यात्री अपने साथ खाने-पीने के सामान लेकर चलते है. खास तौर से रात में चूहें बैग, थैले आदि को कुतर देते है, जिससे यात्री परेशान होते है. दूसरी ओर चूहों की मौजूदगी से पेंट्री कार के खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं. चूहों से आकर्षित होकर ट्रेनों में सांप आने की बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता है. गाडियों में सांप आने के भी मामले सामने आ चुके है. पिछले हफ्ते ट्रेन क्रमांक 12105 मुंबई-गोंदिया विदर्भ एक्सप्रेस के एसी कोच में एक यात्री की बर्थ के नीचे चूहा निकला और उसका खाने का पैकेट कुतर दिया था. यात्री ने वीडियो बनाकर ट्यूटर पर रेल मंत्रालय को टैग किया था. इसी तरह ट्रेन क्रमांक 12101 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में कॉकरोच घुमते रहते है.

* सावधानियां बरती जा रही है
चूहों की समस्या के लिए रेलवे मैकेनिकल विभाग की ओर से पूरी तरह से सावधानियां बरती जा रही है. किसी भी तरह की शिकायत आने पर सीएनडब्ल्यू विभाग तुरंत इसका समाधान कर रहा है.
– संजय मुले
पीआरओ, मध्य रेलवे, नागपुर मंडल.

Back to top button