प्रदीप दांडेकर को राज्यस्तरीय युवा गौरव पुरस्कार

सामाजिक, शैक्षणिक व सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान

अमरावती/दि.8 – युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं होमगार्ड सैनिक प्रदीप दांडेकर को सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, कला, लेखन एवं काव्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा होमगार्ड के रूप में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए ‘राज्यस्तरीय युवा गौरव पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया गया. गाडगे बाबा सामाजिक प्रतिष्ठान, अकोला की ओर से आयोजित समारोह में संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. मिलिंद बारहाते के हाथों उन्हें पुरस्कार प्रदान किया गया.
प्रदीप दांडेकर ने वडार समाज के बच्चों के लिए नि:शुल्क शिक्षण कक्षाएं शुरू करने के साथ ही जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ‘एक वही, एक पेन’ अभियान चलाया. इसके अलावा गुणवंत विद्यार्थियों का सत्कार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गणेश सजावट प्रतियोगिता तथा सामाजिक प्रबोधन कार्यक्रमों का आयोजन भी वे करते हैं. होमगार्ड के रूप में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें पुलिस विभाग की ओर से भी सम्मानित किया जा चुका है. गणेश विसर्जन के दौरान एक युवती की तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने में दिखाई गई तत्परता की भी सराहना हुई थी. उनके सामाजिक एवं सेवाभावी कार्यों को देखते हुए इससे पहले भी उन्हें विभिन्न राज्यस्तरीय पुरस्कार मिल चुके हैं. पुरस्कार मिलने पर वडारपुरा परिसर सहित अमरावती शहर के नागरिकों एवं शुभचिंतकों ने उनका अभिनंदन किया.

Back to top button