अब बढी सोयाबीन की आवक
मंडी में रेट भी 1 हजार रूपए चढे

5-7 हजार बोरे आ रहे, नये माल का दाना अच्छा
अवर्षा के कारण किसानों का एवरेज उत्पादन कम
अमरावती/दि.8 – स्थानीय फसल मंडी में अब नवरात्रि करीब आने के साथ सोयाबीन की आवक बढ गई है. उसके साथ ही सोयाबीन के रेट भी बढ गये हैं. कुछ दिनों पहले की तुलना में प्रति क्विंटल दाम 1 हजार रूपए चढ जाने की जानकारी देते हुए मंडी के व्यापारियों ने बताया कि बुधवार को नये माल को अच्छा दाना रहने से 6450 रूपए प्रति क्विंटल रेट मिले. उसी प्रकार तुअर, चना की भी आवक मंडी में हो रही है. रेट बढने के विषय में व्यापारियों का कहना है कि अवर्षा की वजह से उत्पादन काफी प्रभावित हुआ है. माल काफी कम होने से रेट बढे हैं. मंडी में रोज 60 से 70 करोड का भुगतान हो रहा है. आनेवाले दिनों में आवक बढने की पूरी संभावना है.
मंडी सूत्रों ने बताया कि बुधवार को 5-7 हजार बोरे सोयाबीन की आवक रही. उसी प्रकार अब आवक बढने की पूरी संभावना है. तथापि रेट एमएसपी से अधिक दिए जा रहे हैं. जिससे स्पष्ट है कि आनेवाले दिनों में रेट और बढ सकते हैं. तुअर और चना को भी अच्छे भाव इस समय मिल रहे हैं. चना 6200-7800 की रेंज में खरीदा जा रहा है. तुअर के रेट 9600 -10300 रूपए तक जा पहुंचे हैं. स्पष्ट है कि तुअर की पैदावार भी इस बार विदर्भ के लगभग सभी जिलों में बारिश कम होने से खासी प्रभावित हुई है. जानकारों ने अंदाज जताया कि इस बार सोयाबीन हो या तुअर उत्पादन आधा रहने की आशंका है.





