अमरावती के प्रभाग 15, 16 और 4 में पीआर कार्ड के लिए होगा सर्वेक्षण
नगरसेवक राशद अली की पहल रंग लाई

महापौर श्रीचंद तेजवानी के निर्देश, 12 अक्टूबर से शुरू होगी प्रक्रिया
अमरावती/दि.10 – शहर के प्रभाग क्रमांक 15, 16 और 4 में पीआर कार्ड से वंचित पात्र नागरिकों को कार्ड उपलब्ध कराने के लिए सर्वेक्षण किया जाएगा. नगरसेवक राशद अली की पहल पर महापौर श्रीचंद तेजवानी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. इसके तहत हांडा कंपनी के माध्यम से सर्वेक्षण कर पात्र लाभार्थियों को पीआर कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
इस संबंध में नगरसेवक राशद अली ने 9 अक्टूबर को महापौर श्रीचंद तेजवानी से मुलाकात की. करीब एक घंटे तक हुई चर्चा के बाद महापौर ने संबंधित उपायुक्त शिल्पा नाईक, नरेंद्र वानखड़े सहित अन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
* प्रभाग 15 में 12 अक्टूबर से सर्वेक्षण
निर्देशों के मुताबिक सोमवार 12 अक्टूबर से प्रभाग क्रमांक 15 के छायानगर, पठानपुरा, हाथीपुरा, सौदागरपुरा, पठान चौक, पाठीपुरा, कमेला ग्राउंड, अंसार नगर और गवलीपुरा सहित अन्य क्षेत्रों में सर्वेक्षण किया जाएगा. यहां पीआर कार्ड से वंचित पात्र लाभार्थियों की जानकारी जुटाकर उन्हें कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
* प्रभाग 16 के इन क्षेत्रों को भी मिलेगा लाभ
प्रभाग क्रमांक 16 के हनुमान नगर, हैदरपुरा, मुजफ्फरपुरा, मद्रासी बाबा परिसर, रोशन नगर और रहमत नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी पीआर कार्ड से वंचित नागरिकों का सर्वेक्षण किया जाएगा. संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.
* प्रभाग 4 में भी जारी होंगे पीआर कार्ड
इसी तरह प्रभाग क्रमांक 4 के लालखड़ी प्रांगण, हाजरा नगर, बिस्मिल्ला नगर, महिला कॉलेज परिसर, राजा नगर, अकबर नगर, गुलिस्ता नगर और पानी की टंकी परिसर सहित अन्य इलाकों में भी सर्वेक्षण कर पात्र नागरिकों को पीआर कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
* प्रभाग 3 का मुद्दा भी महापौर के सामने उठाया
नगरसेवक राशद अली ने प्रभाग क्रमांक 3 के वाहेद खान कॉलेज परिसर, नूर नगर तथा सुपियान नगर क्रमांक 1 और 2 में पीआर कार्ड से वंचित नागरिकों का सर्वेक्षण करने का मुद्दा भी महापौर के समक्ष उठाया. इन क्षेत्रों के पात्र लाभार्थियों को कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की गई है.
* मार्च की आमसभा में मंजूर हुआ था प्रस्ताव
नगरसेवक राशद अली के अनुसार, पीआर कार्ड उपलब्ध कराने से संबंधित प्रस्ताव मार्च महीने में महानगरपालिका की आमसभा में मंजूर किया गया था. इसके बावजूद संबंधित क्षेत्रों में कई नागरिक कार्ड से वंचित थे. इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे. अब महापौर के निर्देश के बाद सर्वेक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है. राशद अली ने इस मामले में सकारात्मक पहल करने और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने के लिए महापौर श्रीचंद तेजवानी के प्रति आभार व्यक्त किया. सर्वेक्षण के बाद पात्र लाभार्थियों को पीआर कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी होने से लंबे समय से कार्ड की प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है.





