जिला परिषद में शनिवार-रविवार को भी होगा कामकाज
लंबित शिकायतों के निपटारे के लिए विशेष अभियान

सीईओ सत्यम गांधी ने जारी किए आदेश
अमरावती /दि. 10- जिला परिषद और पंचायत समिति स्तर पर लंबित आवेदनों, शिकायतों और समस्याओं के निपटारे के लिए शनिवार, 10 अक्टूबर और रविवार, 11 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश के बावजूद कार्यालय पूरे समय खुले रहेंगे. जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम गांधी ने इस संबंध में परिपत्र जारी कर अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं.
जारी किए गये आदेश में कहा गया है कि, विलंब प्रतिबंध अधिनियम, 2005 के तहत प्राप्त मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निपटारा करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जाएगा. इसके अंतर्गत जिला परिषद मुख्यालय सहित सभी संबंधित विभागों, पंचायत समितियों और अधीनस्थ कार्यालयों में अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी. अभियान के दौरान सहायक प्रशासन अधिकारी, कनिष्ठ प्रशासन अधिकारी, विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ व कनिष्ठ सहायक तथा संबंधित लिपिकीय कर्मचारियों को कार्यालयीन समय में उपस्थित रहना होगा. विभाग प्रमुखों और खंड विकास अधिकारियों को स्वयं उपस्थित रहकर कामकाज की निगरानी करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति का अलग रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं.
* आवेदकों को लिखित जवाब देना होगा
प्रत्येक प्रकरण का निपटारा करने के बाद संबंधित आवेदक को लिखित उत्तर भेजना अनिवार्य होगा. यदि किसी मामले में नियमानुसार तत्काल निर्णय लेना संभव नहीं है, तो उसके निपटारे के लिए अपेक्षित समय का उल्लेख करते हुए आवेदक को अंतरिम जवाब देना होगा. जिला परिषद के विभिन्न विभागों और पंचायत समिति कार्यालयों में प्राप्त आवेदनों, शिकायतों व समस्याओं को सात दिनों के भीतर निपटाकर आवेदकों को लिखित जवाब देने के निर्देश पहले ही दिए गए थे. हालांकि, 23 सितंबर को सीईओ की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में कई प्रकरण लंबित पाए गए. इसके बाद लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया. अभियान के दौरान निपटाए गए मामलों की रिपोर्ट 12 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक नियंत्रण कक्ष में प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है.





