मोर्शी तहसील दुष्कालसदृश घोषित, किसानों को मिलेंगी विभिन्न रियायतें
ट्रिगर-1 के तहत राहत उपाय लागू

फसल कर्ज पुनर्गठन, बिजली बिल में छूट और परीक्षा शुल्क माफी सहित कई उपाय
अमरावती/दि.10 – कम बारिश के कारण अमरावती जिले के मोर्शी तहसील में सूखे जैसी स्थिति (ट्रिगर-1) घोषित की गई है. राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार किसानों और नागरिकों को राहत देने के लिए विभिन्न रियायतें और उपाय लागू किए गए हैं. इस संबंध में तहसीलदार सागर ढवले ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.
* किसानों को राजस्व माफी से लेकर कर्ज में राहत तक
प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिके प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण उपाय किए जाएंगे. इनमें कृषि भूमि का राजस्व माफ करना, फसल कर्ज का पुनर्गठन, कृषि संबंधी कर्ज की वसूली स्थगित करना तथा कृषि पंपों के चालू बिजली बिल में रियायत देना शामिल है. इसके अलावा विद्यार्थियों की परीक्षा फीस माफ करने और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत रोजगार उपलब्ध कराने वाले कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं. इन उपायों का उद्देश्य सूखे जैसी स्थिति से प्रभावित किसानों और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत प्रदान करना है.
* पेयजल और पशुओं के चारे की व्यवस्था
कम बारिश के कारण संभावित जल संकट से निपटने के लिए प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार टैंकरों से जलापूर्ति की जाएगी. साथ ही पशुओं के लिए चारे और पानी की व्यवस्था करने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर चारा उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है.
* फसल नुकसान के आकलन के लिए पंचनामे के निर्देश
फसलों की वास्तविक स्थिति और संभावित नुकसान का सटीक आकलन करने के लिए प्रशासन ने तत्काल पंचनामा और सर्वेक्षण कराने के आदेश दिए हैं. इसके माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. तहसीलदार सागर ढवले ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि घोषित रियायतों और राहत उपायों को युद्धस्तर पर लागू किया जाए. साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.





