अमरावती में गाडगेनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी
10 लाख रुपये के 52 गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद, मूल मालिकों को लौटाए

अमरावती/दि.10 – नवरात्रोत्सव और शारदा उत्सव की पृष्ठभूमि में अमरावती शहर की गाडगेनगर पुलिस ने नागरिकों को बड़ी राहत दी है. पुलिस ने गुम और चोरी हुए कुल 52 मोबाइल फोन तलाश कर बरामद किए हैं. इन मोबाइल की कुल कीमत करीब 10 लाख 2 हजार रुपये बताई गई है. शुक्रवार 9 अक्टूबर को पुलिस अधिकारियों के हाथों संबंधित मोबाइल उनके मूल मालिकों को सौंपे गए. लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया.
गाडगेनगर पुलिस थाना क्षेत्र में मोबाइल गुम होने और चोरी होने की कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं. इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाने के डीबी दल ने मोबाइल की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने अगस्त और सितंबर 2026 के दौरान अभियान चलाकर कुल 52 मोबाइल फोन खोज निकाले. बरामद मोबाइल की संयुक्त कीमत 10 लाख 2 हजार रुपये है. पुलिस की इस कार्रवाई से उन नागरिकों को राहत मिली, जो अपने कीमती मोबाइल खोने के बाद परेशान थे.
* पुलिस अधिकारियों ने मालिकों को सौंपे मोबाइल
9 अक्टूबर को गाडगेनगर पुलिस थाने में आयोजित प्रक्रिया के दौरान पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त निलेश ब्राम्हणे, थानेदार गोरखनाथ जाधव और अपराध पुलिस निरीक्षक प्रमोद पाचकवडे के हाथों मोबाइल उनके मूल शिकायतकर्ताओं को लौटाए गए. नवरात्रोत्सव और शारदा उत्सव से पहले अपने गुम हुए मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने संतोष जताया. साथ ही गाडगेनगर पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की.





