गुगामल वन्यजीव विभाग के उपवन संरक्षक यशवंत बहाड़े सोमवार को संभालेंगे पदभार
चिखलदरा में पुनर्नियुक्ति से पर्यटन विकास को मिलेगी गति

भीमकुंड एडवेंचर प्रकल्प और आमझरी पार्क के विकास में रहा है अहम योगदान
चिखलदरा/दि.10 – गुगामल वन्यजीव विभाग, चिखलदरा के उपवन संरक्षक पद पर यशवंत बहाड़े सोमवार, 12 अक्तूबर को पदभार संभालेंगे. उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें एक बार फिर चिखलदरा में जिम्मेदारी सौंपी गई है. उनकी पुनर्नियुक्ति से क्षेत्र में पर्यटन और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
गौरतलब है कि पिछले दो माह से गुगामल वन्यजीव विभाग के उपवन संरक्षक का पद रिक्त था और विभाग का कामकाज प्रभारी के भरोसे चल रहा था. हाल ही में जारी आदेश के तहत यशवंत बहाड़े की इस पद पर नियुक्ति की गई थी. हालांकि, वे पिछले एक माह से देहरादून में प्रशिक्षण पर होने के कारण पदभार ग्रहण नहीं कर सके थे. इस दौरान गाविलगढ़ वन्यजीव विभाग के उपवन संरक्षक अनंत डिगोड़े अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे थे. बहाड़े के पूर्व कार्यकाल में चिखलदरा क्षेत्र में पर्यटन विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य हुए थे. उनके प्रयासों से भीमकुंड एडवेंचर गतिविधि प्रकल्प तैयार हुआ, जिसके बाद क्षेत्र के पर्यटन व्यवसाय में उल्लेखनीय उछाल देखने को मिला. इसके अलावा आमझरी पार्क के विकास सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में भी उनकी भूमिका रही. पांढरकवड़ा तबादला होने के बाद भी चिखलदरा के लोग उनके कार्यकाल को याद करते रहे. अब उनकी दोबारा नियुक्ति से स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है. लोगों को उम्मीद है कि उनके अनुभव और प्रयासों से चिखलदरा के पर्यटन विकास को और बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र की विकास योजनाओं को गति प्राप्त होगी.





