तीनों प्रमुख दावेदारों के पास शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में नहीं मताधिकार

अमरावती/दि. 12 – इस समय विधान परिषद की सीट हेतु अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जबरदस्त धामधूम चल रही है. सभी का ध्यान आगामी 23 अक्तूबर को इस निर्वाचन क्षेत्र में होनेवाले चुनाव पर लगा हुआ है. साथ ही उत्सुकता इस बात को लेकर भी है कि, चुनावी मैदान में डटे रहनेवाले 26 प्रत्याशियों में से किन-किन प्रत्याशियों का नाम बतौर शिक्षक मतदाता इस निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज है. इसे लेकर की गई पडताल में बडी रोचक जानकारी सामने आयी है कि, प्रमुख दावेदारों में शामिल रहनेवाले संभाग के निवर्तमान शिक्षक विधायक किरण सरनाईक व पूर्व शिक्षक विधायक श्रीकांत देशपांडे और शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर उर्फ शेखर भोयर जैसे तीन दमदार प्रत्याशियों के नाम इस निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल नहीं. यानी इन तीनों प्रत्याशियों के पास खुद अपने आपको वोट डालने का भी अधिकार नहीं है.
बता दे कि, अध्यापन क्षेत्र में कार्यरत रहनेवाले शिक्षकों अथवा प्राध्यापकों के नाम ही मतदाता के तौर पर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज होते है. जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कोई भी व्यक्ती चुनाव लड सकता है. यानी प्रत्याशी का निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता होना अनिवार्य नहीं है. यहीं वजह है कि, अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से शिक्षक विधायक पद हेतु कई ऐसे प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में है, जिनके नाम शिक्षक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है.
ज्ञात रहे कि, अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनावी मैदान में कुल 26 दावेदार है. जिनमें से 8 दावेदारों को प्रमुख प्रत्याशी माना जा रहा है. इन 8 प्रमुख दावेदारों में से 5 प्रत्याशियों के नाम बतौर शिक्षक मतदाता दर्ज है. जबकि 3 प्रमुख प्रत्याशी पेशे से शिक्षक नहीं रहने के चलते उन्हें इस चुनाव में मताधिकार प्राप्त नहीं रहेगा. इन तीन प्रत्याशियों में संभाग के निवर्तमान शिक्षक विधायक किरण सरनाईक, पूर्व शिक्षक विधायक प्रा. श्रीकांत देशपांडे तथा शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष व भाजपा के बागी प्रत्याशी चंद्रशेखर उर्फ शेखर भोयर का समावेश है. वहीं प्रमुख दावेदारों में शामिल जिन 5 प्रत्याशियों के नाम मतदाता सूची में शामिल है, उनमें शिवसेना उबाठा के दत्तात्रय लहाने, कांग्रेस की अदिती पोहरे, समाजवादी गणराज्य पार्टी के सुरेश देवकर, विमाशि के दिलीप कडू एवं शिक्षण संघर्ष समिती की प्रा. संगीता शिंदे का समावेश है.
खास बात यह भी है कि, अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद का चुनाव लड रहे कुल 26 प्रत्याशियों में से 20 प्रत्याशियों का ही अध्यापन क्षेत्र से सीधा वास्ता है. जिसके चलते उन्हें इस सीट से चुनाव लडने के साथ-साथ चुनाव में वोट डालने का भी अधिकार है. जबकि 6 प्रत्याशी ऐसे है, जिनका शिक्षा क्षेत्र से जुडाव तो है, परंतु वे सीधे तौर पर अध्यापन केे साथ शिक्षक अथवा प्राध्यापक के रूप में नहीं जुडे हुए है. जिसकी वजह से उनके नामों का समावेश शिक्षक मतदाता की सूची में नहीं है.

Back to top button