डिप्टी ग्राउंड पर पिस्तौल लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार

आरोपी के पास से मैगजीन सहित 25 हजार रुपये की पिस्तौल जब्त

क्राइम ब्रांच की कार्रवाई;
अमरावती/दि.15 – अमरावती शहर में अपराध को अंजाम देने के इरादे से पिस्तौल लेकर घूम रहे एक युवक को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है. बुधवार, 14 अक्टूबर को डिप्टी ग्राउंड परिसर में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पास से मैगजीन सहित एक पिस्तौल जब्त की है. जब्त हथियार की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है. इस कार्रवाई से शहर में अवैध हथियार लेकर घूमने वालों में खलबली मच गई है. गिरफ्तार आरोपी का नाम हबीब नगर निवासी शोएब परवेज शेख अहमद (30) है.
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच के अधिकारियों और कर्मचारियों को 14 अक्टूबर को एक जानकारी मिली थी कि नारंगी रंग की गोल गले वाली टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहने एक व्यक्ति पिस्तौल लेकर डिप्टी ग्राउंड परिसर में घूम रहा है. वह किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने के इरादे से हथियार अपने पास रखे हुए है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम तत्काल डिप्टी ग्राउंड परिसर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की. तलाशी के दौरान पुलिस को संबंधित व्यक्ति दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसकी पैंट की कमर के पीछे एक पिस्तौल फंसी हुई मिली. पुलिस ने उक्त हथियार जब्त कर लिया. गिरफ्तार आरोपी का नाम हबीब नगर निवासी शोएब परवेज शेख अहमद (30) है. आरोपी के पास से मैगजीन सहित करीब 25 हजार रुपये कीमत की पिस्तौल बरामद की गई है. कार्रवाई के बाद आरोपी और जब्त हथियार को आगे की कार्रवाई के लिए नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया. आरोपी के पास पिस्तौल कहां से आई और वह उसे किस उद्देश्य से लेकर घूम रहा था, इस संबंध में आगे की जांच की जा रही है.
यह कार्रवाई क्राईम ब्रांच के निरीक्षक दिनेश दहातोंडे, अतुल वर, सहायक पुलिस निरीक्षक मनीष वाकोडे, दशरथ आडे, फिरोज खान, संभाजी केंद्र, मंगेश लोखंडे, नजीमुद्दीन सैयद, संजय भरसाकले, सचिन भोयर, रणजीत गावंडे, नरेश मोहरिल, सागर ठाकरे, सूरज चव्हाण, निखिल गेडाम, चालक प्रभात पोकाले और चेतन शर्मा के दल ने की.

 

Back to top button