विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने वाशिम में मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा

पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश
अमरावती/दि.15 – अमरावती विभाग की विभागीय आयुक्त तथा अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचन निर्णय अधिकारी नयना गुंडे ने 14 अक्टूबर को वाशिम जिले के मतदान केंद्रों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा भी की.
इस अवसर पर जिलाधिकारी योगेश कुंभेजकर, उपविभागीय अधिकारी वैशाली देवकर, उपजिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र जाधव और तहसीलदार नीलेश पलसकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे. निरीक्षण के दौरान गुंडे ने पात्र मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की सटीकता तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र नागरिकों का मतदाता के रूप में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए और पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सटीकता के साथ पूरा करने को कहा.





