मध्य प्रदेश में रेत का अवैध उत्खनन, सीमा पार कर महाराष्ट्र में तस्करी

शेंदुरजनाघाट पुलिस की कार्रवाई, 20 लाख रुपये का डंपर और 48 हजार की रेत जब्त, चालक गिरफ्तार

अमरावती/दि. 16 – मध्य प्रदेश से बिना अनुमति और रॉयल्टी के रेत की अवैध ढुलाई कर रहे एक डंपर को शेंदुरजनाघाट पुलिस ने जब्त किया है. इस कार्रवाई में 20 लाख रुपये कीमत का डंपर और 48 हजार रुपये की रेत सहित कुल 20 लाख 48 हजार रुपये का माल जब्त किया गया. पुलिस ने डंपर चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई 15 अक्टूबर को तड़के 5 से 5.30 बजे के बीच पुसला-पांढरी मार्ग पर स्थित आरटीओ बैरियर के पास की गई. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवींद्र रमेशराव वघाडे (36, वार्ड क्रमांक 1, पुसला, तह. वरुड़) के रूप में हुई है.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर जिले में रेत तस्करी के खिलाफ अभियान तेज किया गया है. इसी अभियान के तहत शेंदुरजनाघाट थाने में तैनात हवलदार वीरेंद्र अमृतकर और उनकी टीम 15 अक्टूबर की सुबह क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पांढुर्णा की ओर से पुसला गांव की तरफ एक डंपर में अवैध रूप से रेत की ढुलाई की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने आरटीओ बैरियर के पास घेराबंदी की. कुछ ही देर में मध्य प्रदेश की ओर से डंपर क्रमांक एमएच 27 डीटी 2385 आता दिखाई दिया. पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसमें करीब छह ब्रास रेत मिली.
पुलिस ने चालक से रेत परिवहन का परमिट और रॉयल्टी की रसीद मांगी, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. पूछताछ में आरोपी की पहचान रवींद्र रमेशराव वघाडे के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, वह मध्य प्रदेश से बिना अनुमति रेत का अवैध उत्खनन कर उसे चोरी-छिपे अमरावती क्षेत्र में ला रहा था. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर 20 लाख रुपये कीमत का डंपर और 48 हजार रुपये की रेत जब्त कर ली. पुलिस हवलदार वीरेंद्र अमृतकर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. प्रकरण की आगे जांच जारी है.
* पुसला क्षेत्र में पहले भी सामने आए मामले
पुसला क्षेत्र में इससे पहले भी डंपरों के माध्यम से रेत की अवैध ढुलाई के कई मामले सामने आ चुके हैं. ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र में रेत की तस्करी के मामले को उजागर किया है.

 

Back to top button