13 वर्षीय बालक समेत पिता पर चाकू से जानलेवा हमला
फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र की घटना

* पिता-पुत्र जिला अस्पताल में भर्ती
अमरावती /दि.13- मामूली विवाद के चलते एक 13 वर्षीय बालक और उसके पिता पर चाकू से जानलेवा हमला किये जाने की घटना प्रकाश में आयी है. इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव निर्माण हो गया था. दोनों घायल पिता-पुत्र को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है. पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है. जख्मी पिता-पुत्र के नाम मुकेश गंगदीप कुशवाह (40) और लव कुशवाह (13) है.
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात व्यंकैयापुरा निवासी लव कुशवाह किसी काम से अपने घर के सामने खडा था. उसी समय आरोपी आयुष घरडे, दादू और उसका एक अन्य साथी वहां पहुंचे. किसी बात को लेकर उनमें विवाद शुरु हो गया. विवाद बढने पर आरोपियों ने अचानक 13 वर्षीय बालक लव पर चाकू से हमला कर दिया. बालक पर हमला होते देख उसके पिता मुकेश कुशवाह भागते हुए वहां पहुंचे और उन्होंने बीचबचाव का प्रयास किया. लेकिन आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया. हमले में दोनों पिता-पुत्र गंभीर रुप से घायल हो गया. घटना के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गये. परिसर के नागरिक सहायता के लिए घटनास्थल की तरफ दौड पडे और जख्मी पिता-पुत्र को जिला अस्पताल में भर्ती किया. अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनाव जैसी परिस्थिति निर्माण हो गई थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस का दल तत्काल अस्पताल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित कर लिया. फ्रेजरपुरा पुलिस ने दोनों घायलों के बयान दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है.





