कभी कमर की चोट से खतरे में था क्रिकेट करियर, तभी मैक्ग्रा ने बदल दी जिंदगी

नागपुर के प्रफुल हिंगे का आईपीएल में गूंज उठा नाम

* प्रफुल्ल हिंगे ने अपने आईपीएल डेब्यू में 2 ओवर में 6 रन देकर 4 विकेट झटके
* राजस्थान रॉयल्स के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर मचाई सनसनी
* सनराइजर्स हैदराबाद की बड़ी जीत की नींव रखी
* माता-पिता कोे मैच शुरू होने तक बेटे के खेलने की जानकारी भी नहीं थी
नागपुर/दि.14 – नागपुर निवासी हिंगे परिवार के सपूत प्रफुल हिंगे इस समय आईपीएल क्रिकेट टुर्नामेंट में सबसे चमकता हुआ नाम है. जिन्होंने सोमवार को सनराईजर्स हैदराबाद की ओर से अपना डेब्यू मैच खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स की धज्जियां उडा दी. प्रफुल्ल हिंगे ने अपने आईपीएल डेब्यू में 2 ओवर में 6 रन देकर 4 विकेट झटके और राजस्थान रॉयल्स के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर सनसनी मचाई. साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद की बड़ी जीत की नींव रखी. खास बात यह है कि, प्रफुल हिंगे किसी समय कमर दर्द से बुरी तरह परेशान थे. लेकिन आगे चलकर ग्लेन मैकग्रॉ ने उनका जीवन बदल दिया. इसके अलावा एक और खास बात यह भी रही कि, नागपुर निवासी हिंगे परिवार को सोमवार तक यह भी नहीं मालूम था कि प्रफुल्ल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में होंगे.
नागपुर निवासी पूर्व अकाउंटंट प्रकाश हिंगे ने बताया, ’हम कभी उससे नहीं पूछते कि वह खेलेगा या नहीं. रोज रात 10 बजे बात होती है…बस सामान्य बातें, ‘खाना खाया? मैच शुरू होने पर टीवी पर देखा कि वह डेब्यू कर रहा है, तभी पता चला.’मैदान पर उतरे प्रफुल्ल ने मौके को दोनों हाथों से लपका. अपने पहले ही स्पेल में 2 ओवर में 6 रन देकर 4 विकेट झटकते हुए राजस्थान के मजबूत टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया. उनकी इस घातक शुरुआत ने सनराइजर्स हैदराबाद की 57 रनों से बड़ी जीत की नींव रखी.
नागपुर के रहने वाले प्रकाश हिंगे को वह दिन याद है, जब 13 साल की उम्र में बेटे की क्रिकेट में दिलचस्पी देखकर उन्होंने उसे स्थानीय जिमखाना क्लब में दाखिला दिलाया था. उन्होंने कहा कि, हमने सिर्फ रास्ता दिखाया, दबाव नहीं बनाया. उसे अपनी राह चुनने की आजादी दी. विदर्भ अंडर-16 टीम में चयन के बाद प्रफुल्लका करियर रफ्तार पकड़ता गया. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रशांत वैद्य की सलाह पर उन्हें चेन्नई के पेस फाउंडेशन भेजा गया, जहां कोच एम. सेंथिलनाथन और वरुण आरोन की देखरेख में उन्होंने अपनी गेंदबाजी को निखारा. हालांकि, एक समय लोअर बैक स्ट्रेस इंजरी ने उनके करियर पर खतरा पैदा कर दिया था. सेंथिलनाथन ने बताया कि, पहले उनकी इंजरी पर काम किया, फिर तकनीक सुधारी, ताकि पीठ पर दबाव कम हो. छह महीने की मेहनत के बाद वह घरेलू सीजन के लिए तैयार हुए और अच्छा प्रदर्शन किया. फाउंडेशन में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैक्ग्रा से मिली रणनीतिक सीख ने भी प्रफुल्ल को मजबूत बनाया. बड़े मैच के दबाव से निपटना और हर गेंद पर वापसी करना. यही उनकी ताकत बनकर उभरी. इस पूरी यात्रा में माता-पिता का संतुलित रवैया भी अहम रहा. प्रकाश हिंगे ने कहा कि, मैंने बस एक ही बात कही. मेहनत करते रहो, कोच की सुनो और मौका मिले तो उसे लपक लो. प्रफुल्ल ने अपने डेब्यू में जिस अंदाज में इस सीख को अमल में उतारा, उसने न सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि खझङ में एक नए सितारे के उभरने का ऐलान भी कर दिया.
कौन हैं प्रफुल्ल हिंगे?
प्रफुल्ल हिंगे का जन्म 18 जनवरी 2002 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था. वे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं. आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेब्यू करने से पहले उन्होंने 10 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें 27 विकेट हासिल किए हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 6 मैच खेले हैं, जिसमें 5 विकेट हासिल किए हैं. तो वहीं टी-20 क्रिकेट में उनका अनुभव बेहद कम रहा है. उन्होंने मात्र एक मैच खेला है और एक विकेट चटकाए हैं. हैदराबाद ने उन्हें ऑक्शन में 30 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था.प्रफुल्ल को आईपीएल में चुनने का श्रेय हैदराबाद के गेंदबाजी कोच वरुण एरोन को जाता है. उन्होंने नीलामी से पहले उन्हें एसआरएच के ट्रॉयल के लिए बुलाया था. हिंगे की गेंदबाजी से वे काफी प्रभावित हुए और उन्हें हैदराबाद की टीम के साथ जोड़ लिया.
नागपुर में जन्में हिंगे ने अक्तूबर 2024 में विदर्भ के लिए अपना फ़र्स्ट-क्लास डेब्यू किया था और पिछले रणजी ट्रॉफी सीज़न में वह टीम के नियमित गेंदबाज़ रहे. उन्होंने 11 पारियों में 26.37 की औसत से 16 विकेट लिए.उन्होंने अपना इकलौता टी-20 मैच दिसंबर 2025 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आंध्र प्रदेश के ख़िलाफ़ था, जिसमें उन्होंने 23 रन देकर 1 विकेट लिया.हिंगे फ़ास्ट बॉलर हैं और उन्होंने करीब 13 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था. वह खुलकर कह चुके हैं कि उनके आदर्श पैट कमिन्स हैं जो सनराइज़र्स के नियमित कप्तान भी हैं, और वह उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना चाहते थे.कुल मिलाकर हिंगे अब तक 10 फ़र्स्ट-क्लास मैचों में 27 विकेट और 6 लिस्ट-ए मैचों में 5 विकेट ले चुके हैं.

Back to top button