काटपुर बालाजी को लकडी का सुंदर रथ अर्पित

नारायण उपरकार परिवार की भक्तिभावना

* श्रद्धालुओं ने थिरककर किया आनंद व्यक्त
* अत्यंत सुंदर बना है काष्ठ का यह रथ
अमरावती/दि.22 – काटपुर के प्रसिद्ध और सिद्ध हस्त बालाजी हेतु अमरावती के नारायणराव उपरकार परिवार ने बडे ही भक्तिभाव से काष्ठ का अत्यंत सुंदर रथ रविवार को समर्पित किया. इस समय भजन-कीर्तन, प्रसादी का आयोजन कैम्प स्थित उपरकार के निवासस्थान पर किया गया. सैकडों की संख्या में श्रद्धालु उमडे, वारकरी दिंडियों ने ताल-मृदंग की थाप पर झूमकर और भगवान बालाजी का जयकारा कर आनंद व्यक्त किया. उपरकार ने रथ श्री व्यंकटेश बालाजी संस्थान काटपुर को विधिवत पूजन कर सौंपा. अब इस रथ से ही व्यंकटेश बालाजी, श्रीदेवी और भूदेवी का गांव भ्रमण किया जाएगा.
कीर्तनकार कडू, वारकरी मंडली काटपुर, ममदापुर, श्रीगुरुदेव भजनी मंडल देवीपुरा ने सुंदर कीर्तन प्रस्तुत किए. उपस्थित भाविक झूम उठे थे, थिरक उठे थे. भगवान बालाजी का गगनभेदी जयघोष सभी ने किया. भक्तिमय वातावरण का आनंद अर्जित करनेवालों में रमण दायमा, गोविंद दायमा, जगदीश छाबडा, ओमप्रकाश खेमचंदानी, प्रकाश उधवानी, सांसद डॉ. अनिल बोंडे, पूर्व सांसद अनंत गुढे, डॉ. अजय डफले, ट्रस्ट अध्यक्ष सुभाष राठी, साहेबराव धनसांडे, बाबाराव आवारे, जुगल भट्टड, रमण राठी, मधुसूदन राठी, विनोद इंगले, बालगोविंद राठी, पुरुषोत्तम राठी, संतोष हेडा, गोविंद सोमाणी, प्रफुल्ल भुयार, विनोद यावलकर, पुरुषोत्तम रेवांग और अन्य का समावेश रहा.
रथ के समर्पण से पूर्व शोभायात्रा निकाली गई. रथ में भगवान को विराजमान कर वसंत चौक स्थित श्री व्यंकटेश बालाजी मंदिर में पूजन किया गया. नागपुर रोड के कोल्हटकर पेट्रोल पंप पर रथ का स्वागत किया गया. विपीन कोल्हटकर, मांगोजी उपस्थित थे.

Back to top button