प्रा. बी.टी. देशमुख को श्रद्धांजलि देने के लिए 27 जून को सामूहिक श्रद्धांजलि सभा

अमरावती/दि.24 – विदर्भ के विकास और क्षेत्रीय अनुशेष निर्मूलन के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले वरिष्ठ जननेता, पूर्व विधायक प्रा. बी.टी. देशमुख को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए श्री शिवाजी शिक्षण संस्था, अमरावती तथा नुटा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 27 जून को सामूहिक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है.
यह श्रद्धांजलि सभा शाम 5.30 बजे श्री शिवाजी शिक्षण संस्था के डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति वैद्यकीय महाविद्यालय परिसर स्थित श्री छत्रपति शिवाजी महाराज सभागार में आयोजित होगी. आयोजकों के अनुसार, प्रा. बी.टी. देशमुख ने विदर्भ के विकास, शिक्षा और जनहित के मुद्दों को सदैव प्रभावी ढंग से उठाया तथा क्षेत्रीय अनुशेष दूर करने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया. उनके कार्यों और समाज के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए यह सामूहिक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जा रही है.
श्री शिवाजी शिक्षण संस्था के अध्यक्ष हर्षवर्धन देशमुख तथा नुटा संगठन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. प्रवीण रघुवंशी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत प्रा. बी.टी. देशमुख को श्रद्धासुमन अर्पित करने का आह्वान किया





