आज नीट परीक्षा की हुई ‘रंगीत तालीम’

पुनर्परीक्षा से पहले राष्ट्रीय स्तर पर की गई मॉक ड्रिल

* तमाम एहतियातों व इंतजामों को जांचा-परखा गया
* अमरावती में 4,648 परीक्षार्थी होंगे शामिल
अमरावती / दि. 20- कल रविवार 21 जून को ली जा रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को देशभर में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की. इस दौरान प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय परीक्षा सामग्री के परिवहन, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा केंद्रों की तैयारियों का परीक्षण किया गया. जिसके तहत अमरावती जिले में भी प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अब कल होने वाली पुनर्परीक्षा के लिए पूरी मशीनरी को अलर्ट मोड पर रखा गया है.
जानकारी के अनुसार अमरावती जिले में लगभग 4 हजार 648 विद्यार्थी इस पुनर्परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया है. शनिवार को आयोजित मॉक ड्रिल के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, उनके वितरण तथा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की चूक न हो.
* स्टेट बैंक कैंप शाखा से शुरू हुई मॉक ड्रिल
परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए शनिवार सुबह 11 बजे अमरावती शहर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की कैंप शाखा से मॉक ड्रिल की शुरुआत की गई. यहीं से प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया. अधिकारियों ने वाहनों की सुरक्षा, एस्कॉर्ट व्यवस्था तथा निर्धारित समय में सामग्री को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था का निरीक्षण किया.
* पुलिस सुरक्षा में पहुंचेगा गोपनीय परीक्षा साहित्य
नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा को देखते हुए गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रश्नपत्रों के परिवहन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विशेष एस्कॉर्ट टीमों को सौंपी गई है. प्रत्येक वाहन की निगरानी की जाएगी तथा संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा. अधिकारियों का कहना है कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
* दोपहर 2 बजे से होगी परीक्षा
नीट-यूजी पुनर्परीक्षा रविवार, 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित की जाएगी. परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से काफी पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं. प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन और सुरक्षा जांच के बाद ही विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा.
* देशभर में 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण
एनटीए के अनुसार इस वर्ष नीट-यूजी परीक्षा के लिए देशभर के 551 शहरों तथा विदेश के 14 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा के लिए 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिससे यह देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक बन गई है.
* 674 शहर समन्वयक और 6,669 पर्यवेक्षक तैनात
परीक्षा संचालन को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 674 सिटी कोऑर्डिनेटर (शहर समन्वयक) नियुक्त किए गए हैं. वहीं परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और व्यवस्थाओं की देखरेख के लिए 6,669 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है. इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों के विभिन्न विभागों के सहयोग से दो लाख से अधिक अधिकारी और कर्मचारी परीक्षा प्रक्रिया में शामिल रहेंगे.
* निष्पक्ष परीक्षा कराने पर प्रशासन का जोर
पिछले वर्ष नीट परीक्षा को लेकर देशभर में उठे विवादों और प्रश्नपत्र लीक जैसे आरोपों के बाद इस बार एनटीए और प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं. परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने तथा विद्यार्थियों का विश्वास कायम रखने के लिए सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और परीक्षा को शांतिपूर्ण तथा निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की गई है.

Back to top button