मोर्शी के राजा को गाजे-बाजे के साथ भावपूर्ण विदाई
भजन मंडलियों, बैंड पथक, कृष्ण नृत्य और महाकाली पथक की प्रस्तुतियों से विसर्जन शोभायात्रा में छाया उत्साह

मोर्शी /दि.1– मोर्शी के राजा का गुरुवार को बड़े उत्साह, गाजे-बाजे और भक्तिमय माहौल में भावपूर्ण विसर्जन किया गया. इस अवसर पर निकाली गई भव्य विसर्जन शोभायात्रा में विभिन्न पथकों ने सहभाग लिया. भजन मंडली, बैंड पथक, कृष्ण नृत्य पथक और महाकाली पथक की प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भक्तिमय और संगीतमय वातावरण से गूंज उठा.
मोर्शी के राजा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. शोभायात्रा के मार्ग पर नागरिकों, महिलाओं और गणेशभक्तों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही. जगह-जगह श्रद्धालु गणराय के दर्शन के लिए जमा हुए थे. शोभायात्रा के दौरान मंडल के कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न स्थानों पर पेयजल, शरबत और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी. कई जगहों पर नागरिकों और गणेशभक्तों के लिए नाश्ते के स्टॉल लगाए गए. इन सेवा भावी उपक्रमों से शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली.





