मेलघाट सीमा से सटे मध्य प्रदेश में हथियारों की बडी खेप पकडी
13 देशी पिस्तौल, 45 जिंदा कारतूस बरामद

धारणी /दि.14 – मेलघाट की सीमा से महज करीब 9 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश के खकनार क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बडी कार्रवाई करते हुए 13 हस्तनिर्मित पिस्तौल, एक मैगजीन और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस ने इस मामले में शक्तीसिंग बादलसिंग सिकलीगर को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई में एक दोपहिया वाहन समेत कुल करीब 4.72 लाख रुपए का माल जब्त किए जाने की जानकारी है.
* जंगल में हथियार लेकर छिपे होने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, रविवार 9 अगस्त को खकनार के समीप जंगल में एक व्यक्ति के हथियार लेकर छिपे होने की गोपनीय सूचना खकनार थाने के प्रभारी अभिषेक जाधव को मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस दल ने तत्काल क्षेत्र में घेराबंदी की. तलाशी के दौरान शक्तीसिंग बादलसिंग सिकलीगर को पकडा गया और उसके कब्जे से 13 हस्तनिर्मित पिस्तौल, एक मैगजीन तथा 45 जिंदा कारतूस बरामद किए.
* पाचोरी में हथियार बनाने का घरेलू कारोबार
खकनार थाना क्षेत्र का पाचोरी गांव मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित है. पुलिस के अनुसार, गांव में लंबे समय से अवैध हथियार बनाए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं. यहां कथित तौर पर ब्रांडेड कंपनियों और विदेशी हथियारों की हूबहू नकल जैसी पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस तैयार किए जाने की बात सामने आई है. पिछले करीब एक वर्ष में अवैध हथियारों के 12 मामलों में 47 पिस्तौल और बडी संख्या में जिंदा कारतूस जब्त किए जाने की जानकारी बुरहानपुर के पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने दी है. उन्होंने अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल लोगों को कडी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.
* गिरफ्तार आरोपी का बडवानी जिले से संबंध
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी शक्तीसिंग सिकलीगर मध्य प्रदेश के बडवानी जिले के ओझर नागलवाडी गांव का निवासी है. मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि, बरामद हथियार किसके लिए तैयार किए गए थे और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुडे हुए है.
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के मार्गदर्शन में की गई. इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे, नेपानगर उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुरेश महाले तथा खकनार के प्रभारी अभिषेक जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की. इस अभियान में सुरेंद्र राजपूत, पवन देशमुख, सूर्यवंशी, अजनारे, देवल्ये, मोरे, धुर्वे और चौहान सहित पुलिस कर्मियों ने हिस्सा लिया. पुलिस अब बरामद हथियारों के स्त्रोत, खरीदारों और पूरे अवैध हथियार नेटवर्क से जुडे अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.





