अगरबत्ती कारखाने में मध्यरात्रि को लगी भीषण आग

परिसर में मची अफरा-तफरी, लाखों रुपए का नुकसान

अंसार नगर की घटना, कोई जीवितहानि नहीं
अमरावती/दि.29 – अमरावती शहर के गाडगे नगर थाना क्षेत्र में आने वाले अंसार नगर से विलास नगर मार्ग के फारुख भाई पार्लेवाले के अगरबत्ती कारखाने में सोमवार मध्यरात्रि को अचानक लगी भीषण आग से संपूर्ण परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आग के भीषण रुप धारण कर लेने से लपटे 30 से 35 फूट उपर तक दिखाई दी. अग्निशमन दल के 5 वाहन तत्काल घटनास्थल पहुंच गये और सुबह तक अथक प्रयासों के बाद आग को काबू में किया गया. इस आग से कोई जीवितहानि तो नहीं हुई लेकिन लाखों रुपए का नुकसान हो गया.
जानकारी के मुताबिक अंसारनगर बाडी से विलास नगर रोड पर फारुख पारले नामक व्यवसायी का अगरबत्ती का कारखाना है. सोमवार 28 सितंबर की मध्यरात्रि को इस बंद कारखाने में अचानक आग लग गई. कारखाने में अगरबत्ती और लोबान का साहित्य भारी मात्रा में रहने से आग ने कुछ ही समय में उग्र रुप धारण कर लिया. आग की लपटे 30 से 36 फूट उंची उडने लगी. काफी दूरी से नागरिकों को यह आग की लपटे दिखाई दे रही थी. परिसर में आग लगने की जानकारी मिलने के बाद काफी अफरा-तफरी मच गई. मध्यरात्रि को भीषण आग को देख नागरिक जान बचाने के लिए घर छोडकर सडकों पर भागने लगे. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. भीड बेकाबू होती देख पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया. आग ने कारखाने के आसपास के घने पेड भी अपने चपेट में ले लिये. जिससे आग और भीषण हो गई. हजारों की संख्या में नागरिक जमा हो गये थे. कारखाने के आसपास घनी नागरी बस्ती रहने से दमकल कर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड रहा था. पुलिस ने भीड को नियंत्रित किया और दमकल कर्मियों ने आग को काबू करने के प्रयास शुरु किये. मंगलवार को तडके 4 से 5 बजे तक अथक प्रयासों के बाद आग को काबू में किया गया. इस आग से लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है. पूरा कारखाना आग से जलकर राख हो गया. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान है. इस घटना से कोई जीवितहानि नहीं हुई.
* नागरी बस्ती में अगरबत्ती का कारखाना कैसे?
अंसारनगर बाडी से विलास नगर रोड स्थित अगरबत्ती का यह कारखाना गलीच्छ बस्ती में है. इस कारखाने के आसपास बिजीलैंड, सिटीलैंड संकुल में काम करने वाले परप्रांतीय कामगार रहते है. ऐसी घनी बस्ती में अगरबत्ती का कारखाना रहने से आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है. आगजनी की घटना के बाद अब कारखाना संचालक से पूरे कागजपत्रों की जांच की जा रही है. बस्ती में कारखाना चलाने की अनुमति कारखाना संचालक के पास थी या नहीं, इस बाबत जांच हो रही है.

Back to top button