कुंभारवाडा दत्त मंदिर में हुई मूर्तिकारों व अधिकारियों की बैठक
मूर्तिकारों ने निःशुल्क शाडू मिट्टी के साथ ही मूर्ति बिक्री हेतु जगह देने कहा

* अतिरिक्त आयुक्त ने मूर्तिकारों की मांग को लेकर दर्शाया सकारात्मक रूख
अमरावती/दि.6- आगामी गणेशोत्सव पर्व के मद्देनजर पर्यावरणपुरक गणेश प्रतिमाओं के निर्माण के संदर्भ में विचार-विमर्श करने हेतु स्थानीय कुंभारवाडा परिसर स्थित दत्त मंदिर सभागार में शहर के मूर्तिकारों तथा मनपा के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. जिसमें मूर्तिकारों ने पर्यावरणपुरक गणेश प्रतिमाओं की निर्मिती हेतु निःशुल्क शाडू मिट्टी सहित मूर्ति बिक्री के लिए जगह उपलब्ध कराए जाने की मांग मनपा अधिकारियों के सामने रखी. जिस पर मनपा के अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख ने सकारात्मक रूख दर्शाते हुए मूर्तिकारों को मूर्तियों के निर्माण हेतु शाडू मिट्टी तथा मूर्तियों की बिक्री हेतु जगह देने के संदर्भ में प्रयास करने की बात कही. साथ ही कहा कि, इस संदर्भ में महापौर श्रीचंद तेजवानी तथा मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले सहित अन्य पदाधिकारियों की अनुमति व सहमती से निर्णय लिए जाएंगे.
इस बैठक में यह भी तय किया गया कि, इस कार्य हेतु मनपा की विशेष बैठक बुलाई जाएगी एवं डीपीसी से निधि मिलने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे. इसके साथ ही शहर में अन्य स्थानों पर मिट्टी की मूर्तियों की बिक्री करने के संदर्भ में उसी बैठक में निर्णय लिया जाएगा.
इस बैठक में कुंभार मिट्टी काम सुधार समिती के अध्यक्ष चरण उचाडे, सचिव कैलाश रोतले, निलेश कंचनपुरे, सदस्य अभिषेक गुजरे, प्रभाकर रोतले, राम रावपालाई, संदीप कालकर, विष्णुपंत कालकर, दिलीप नांदुरकर, शुभम मुंदरे, सचिन चिरालकर, सिताराम मुंदरे, किशोर गुजरे, दिनेश गुजरे, महेंद्र गुजरे, रतन चिलारकर व अनिल रोतले आदी उपस्थित थे.
मूर्तिकारों को पर्यावरणपुरक गणेश मूर्तियों का निर्माण करने हेतु बाहर से शाडू मिट्टी मंगानी पडती है. जो सहज उपलब्ध नहीं होती. जिसके चलते मुंबई व पुणे की तर्ज पर अमरावती मनपा ने निःशुल्क शाडू मिट्टी उपलब्ध कराने के साथ ही अन्य सुविधा व सहुलियतें उपलब्ध करानी चाहिए. साथ ही मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं बिक्री हेतु कहां पर उपलब्ध है, इसके विज्ञापन व जानकारी भी मनपा ने प्रसारित करनी चाहिए ताकि मूर्तिकारों का काम आसान हो जाए.
– कैलाश रोतले,
सचिव, कुंभार मिट्टी काम सुधार समिती, अमरावती
मिट्टी से बनी गणेश मूर्तियों की बिक्री करने हेतु अमरावती महानगरपालिका ने नेहरू मैदान को पूरी तरह से आरक्षित रखा है. जहां पर पीओपी से बनी गणेश मूर्तियों की बिक्री नहीं होगी. इसके साथ ही सायंस्कोर मैदान पर भी बिक्री हेतु उपलब्ध कराई जानेवाली लगभग 50 फीसद गणेश मूर्तियां मिट्टी से ही बनी होती है. इसके अलावा कुंभार मिट्टी काम सुधार समिती की मांग के अनुरूप शहर के अन्य क्षेत्रों में मनपा प्रशासन व पदाधिकारियों की अनुमती से झोन निहाय जगह उपलब्ध कराई जाएगी.
– महेश देशमुख,
अतिरिक्त आयुक्त व पर्यावरण अधिकारी, अमरावती मनपा