टमाटर से भरे ट्रक ने खड़े ट्रक को मारी टक्कर, क्लीनर घायल

चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

* समृद्धि महामार्ग पर लगातार तीसरे दिन दुर्घटना
अमरावती/दि. 5– समृद्धि महामार्ग पर रविवार को लगातार तीसरे दिन हादसा हुआ. नांदगांव खंडेश्वर थाना क्षेत्र में चैनल क्रमांक 140 पर नासिक से टमाटर लेकर कोलकाता जा रहा ट्रक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराया. हादसे में ट्रक में सवार 22 वर्षीय क्लीनर घायल हो गया. घायल क्लीनर को उपचार के लिए ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जख्मी का नाम पश्चिम बंगाल के बालूघाट निवासी सुदीप पांडे (22) है. उसके पैर में चोट आई है और उसका उपचार चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक ट्रक नासिक से टमाटर लेकर नागपुर के रास्ते कोलकाता जा रहा था. ट्रक को राजा दास चला रहा था, जबकि सुदीप पांडे क्लीनर के रूप में उसके साथ था. जब ट्रक चैनल क्रमांक 140 के पास पहुंचा, तभी चालक को अचानक झपकी आ गई. झपकी आने के कारण चालक का ट्रक पर नियंत्रण नहीं रहा और ट्रक आगे खड़े एक अन्य ट्रक से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में क्लीनर सुदीप पांडे घायल हो गया.
* लगातार तीसरे दिन हादसा
समृद्धि महामार्ग पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. रविवार का हादसा इस महामार्ग पर लगातार तीसरे दिन हुई दुर्घटना है. गुरुवार आधी रात हुए भीषण हादसे में दुर्गादेवी की मूर्ति लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो पिकअप को ट्रक ने टक्कर मार दी थी. इस हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हुई थी, जबकि 18 से अधिक लोग घायल हुए थे. इसके बाद शनिवार सुबह हुए हादसे में मजदूरों से भरा वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से नौ मजदूर घायल हुए थे. अब रविवार को टमाटर से भरे ट्रक के हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है. लगातार सामने आ रही इन दुर्घटनाओं के चलते समृद्धि महामार्ग पर वाहन चालकों की सतर्कता, लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम और तेज गति पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

 

Back to top button