अमरावती में आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन कल

नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं अब एक ही छत के नीचे मिलेंगी

अमरावती/दि.13 – भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), क्षेत्रीय कार्यालय मुंबई की ओर से अमरावती में नए आधार सेवा केंद्र (एएसके) का शुभारंभ कल शुक्रवार, 14 अगस्त को किया जाएगा. इस केंद्र के शुरू होने से जिले के नागरिकों को आधार कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाएं अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ उपलब्ध हो सकेंगी. उद्घाटन समारोह सुबह 10 बजे दाम्मागी, विद्या भारती कॉलेज रोड, जिलाधिकारी कार्यालय के सामने, अमरावती स्थित केंद्र में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में अमरावती के निवासी उपजिलाधिकारी संतोष काकड़े तथा यूआईडीएआई के क्षेत्रीय कार्यालय मुंबई के निदेशक कर्नल अक्षय यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे.
यूआईडीएआई के अधिकारियों के अनुसार, नए आधार सेवा केंद्र में आधार नामांकन, बायोमेट्रिक अपडेट, पता परिवर्तन, मोबाइल नंबर अपडेट सहित अन्य आधार संबंधी सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएंगी. इससे जिलेवासियों को आधार संबंधी कार्यों के लिए अन्य शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी. यूआईडीएआई ने सभी संबंधितों से उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहने का आमंत्रण दिया है. अधिकारियों का कहना है कि यह केंद्र आधार सेवाओं को अधिक सुलभ, व्यवस्थित और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.

Back to top button