अभिजीत दीपके अभी तक घर नहीं लौटे, इलाज जारी
फडणवीस सरकार के मंत्री ने परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की

छत्रपति संभाजीनगर /दि.27- एनईईटी पेपर लीक मुद्दे पर आंदोलन के बाद चर्चा में आए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख चेहरों में शामिल अभिजीत दीपके अभी तक अपने घर नहीं लौटे हैं. आंदोलन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनका इलाज जारी है. इस बीच महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता संजय शिरसाट ने रविवार को दीपके के घर पहुंचकर उनके माता-पिता से मुलाकात की और उनके लिए पुलिस सुरक्षा की मांग करने की बात कही.
अमेरिका के बोस्टन विश्वविद्यालय से जनसंपर्क (पब्लिक रिलेशंस) की पढ़ाई करने वाले अभिजीत दीपके के पास अमेरिका में नौकरी का अवसर था. हालांकि उन्होंने नौकरी करने के बजाय छात्र हितों और सामाजिक मुद्दों पर काम करने का रास्ता चुना. उनके माता-पिता चाहते थे कि वे नौकरी करें, लेकिन अभिजीत ने सामाजिक आंदोलन को प्राथमिकता दी.
* टायफाइड से पीड़ित, इलाज जारी
जानकारी के अनुसार आंदोलन के दौरान अभिजीत दीपके टायफाइड की चपेट में आ गए थे. फिलहाल उनका उपचार जारी है और वे अभी तक अपने घर नहीं लौटे हैं. हाल ही में उनकी इलाज के दौरान की एक तस्वीर भी सामने आई थी.
* संजय शिरसाट ने परिवार से की मुलाकात
शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने छत्रपति संभाजीनगर के वालूज एमआईडीसी क्षेत्र स्थित दीपके के घर पहुंचकर उनके माता-पिता से मुलाकात की. उन्होंने कहा, मुझे अभिजीत पर गर्व है. मेरे क्षेत्र के एक युवक ने एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया है. उसे सुरक्षा मिलनी चाहिए. शिरसाट ने कहा कि अभिजीत के माता-पिता स्वाभाविक रूप से चिंतित हैं और वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात कर अभिजीत को महाराष्ट्र लौटने पर पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का आग्रह करेंगे.
* राजनीति से ऊपर बताया परिवार से रिश्ता
यह सवाल उठने पर कि भाजपा की सहयोगी शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री होने के बावजूद उन्होंने सरकार के खिलाफ आंदोलन करने वाले अभिजीत के परिवार से मुलाकात क्यों की, संजय शिरसाट ने कहा, मैं राजनीतिक दृष्टिकोण से उनके घर नहीं गया. दीपके परिवार को मैं पिछले 25 वर्षों से जानता हूं. यह मुलाकात पूरी तरह मानवीय आधार पर थी.