जानलेवा हमले के आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर किया ‘सीन रिक्रिएशन’
घटना के बाद सभी आरोपी अमरावती, अचलपुर और यवतमाल जिले से दबोचे

अमरावती/दि.23 – फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के कांग्रेस भवन परिसर में अकोला जिले के एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में फ्रेजरपुरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल ले जाकर सीन रिक्रिएशन किया गया. इस अवसर पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. यह सभी आरोपी अमरावती, अचलपुर और यवतमाल जिले से दबोचे गये. इनमें दो नाबालिगों का समावेश है. अन्य 6 आरोपी पुलिस रिमांड पर है.
बता दें कि, 18 सितंबर को सुबह फ्रेजरपुरा पुलिस को सूचना मिली कि कांग्रेस भवन में एक व्यक्ति के साथ जानलेवा हमला किया गया है. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन हमले में घायल युवक को उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल ले जाया जा चुका था. जख्मी का नाम अकोला के अकोट फाइल निवासी शेख सोहेल शेख सलीम (36) है. उसके चेहरे, सिर, ठुड्डी, होंठ और दोनों हाथों पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले. गंभीर चोटों के कारण वह बयान देने की स्थिति में नहीं था. प्राथमिक जांच में सामने आया कि, बादल नारायण बागवाले (24), हरीश विनोदराव बोबड़े (27) तथा उनके अन्य साथियों ने पैसों के विवाद को लेकर सोहेल पर हमला किया. मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
* सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
फ्रेजरपुरा पुलिस की डीबी टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसके साथ ही गोपनीय सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर कार्रवाई की. नेर से बादल बागवाले और हरीश बोबड़े को गिरफ्तार किया गया. वहीं निरंजन उर्फ निया संजय रोडगे (18) तथा सक्षम विजय लांडे (19) को अचलपुर तहसील के लाखनवाड़ी गांव से दबोचा गया. इसके अलावा शाम नगर निवासी कुणाल मनोज इंदुले (24) और फ्रेजरपुरा के लाइब्रेरी चौक निवासी यश सुरेंद्र कलस्कर (20) को भागने का प्रयास करते समय गवलीपुरा से हिरासत में लिया गया. पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएशन भी किया. मामले की जांच जारी है.





