बुजुर्ग से 10 हजार रुपये लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार

ग्रामीण अपराध शाखा की कार्रवाई

अमरावती/दि.2– अमरावती ग्रामीण की अपराध शाखा (एलसीबी) ने वरुड थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति से 10 हजार रुपये की लूट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, नकदी और मोबाइल फोन सहित कुल 58,300 रुपये का माल जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष अनिल जोशी (33), निवासी पार्वती नगर, यश कॉलोनी टावर लाइन, अमरावती के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक गड़ेगांव निवासी गणपत चिरकुटराव बाम्बल (73) ने वरुड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 मई 2026 को वह खाद खरीदने के लिए राजुरा बाजार आए थे. इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर उनके पास पहुंचा और झूठी बातों में उलझाकर उन्हें स्कूल परिसर तक ले गया. वहां आरोपी ने पैसे मांगने के बहाने बुजुर्ग की जेब से खाद खरीदने के लिए लाए गए 10 हजार रुपये छीन लिए और मोटरसाइकिल से फरार हो गया. शिकायत के आधार पर वरुड पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने स्थानीय अपराध शाखा को जांच के निर्देश दिए. जांच के दौरान एलसीबी की टीम को गुप्त सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी मनीष जोशी माहुली मार्ग से मोर्शी की ओर जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने मोर्शी रोड पर नाकाबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि वह अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल एमएच-27/डीएक्स-3191 से राजुरा बाजार पहुंचा था और बुजुर्ग से 10 हजार रुपये छीनकर फरार हो गया था.
पुलिस ने आरोपी के पास से 6,300 रुपये नकद, एक नोकिया कंपनी का मोबाइल फोन तथा लगभग 50 हजार रुपये कीमत की होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की है. कुल जब्त माल की कीमत 58,300 रुपये आंकी गई है. आरोपी को जब्त माल सहित आगे की कार्रवाई के लिए वरुड पुलिस के हवाले कर दिया गया है. इस कार्रवाई से बुजुर्ग से लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा हो गया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन तथा स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखड़े के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक नितिन इंगोले, मोहन मोरे, पुरुषोत्तम यादव, सैय्यद अजमत, स्वप्निल तंवर, चेतन दुबे, नितिन वानखड़े, नईम कसम शाह तथा साइबर शाखा के अधिकारी रितेश गोसामी और रूपाली इंगोले की टीम ने की.

Back to top button