उन्नत तकनीक और नई अरहर किस्मों से खेती में नई क्रांति
श्रीराम फार्म सॉल्यूशंस ने लॉन्च किए आधुनिक कृषि उत्पाद

अमरावती/दि.2 – किसानों की आय बढ़ाने और बदलते मौसम की चुनौतियों का सामना करने के उद्देश्य से डीसीएम श्रीराम लिमिटेड की श्रीराम फार्म सॉल्यूशंस ने अत्याधुनिक कृषि तकनीकों पर आधारित फसल संरक्षण, पौध पोषण और अनुसंधान-आधारित बीजों की नई श्रृंखला बाजार में उतारी है.
कंपनी ने जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को देखते हुए जापानी तकनीक से विकसित ‘सेनकुशा’ कीटनाशक पेश किया है, जो छिड़काव के केवल 30 मिनट बाद होने वाली बारिश का भी प्रभावी ढंग से सामना कर सकता है. इसके अलावा ‘झारविन’ नामक पेटेंट प्राप्त कवकनाशी और मक्का फसल के लिए ‘एडेलॉन’ खरपतवारनाशक भी लॉन्च किया गया है. मिट्टी की उर्वरता और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए ‘फर्मप्लस’ और ‘सिम्बियो’ जैसे जैविक उत्पाद भी किसानों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं. वहीं अरहर (तुअर) की खेती करने वाले किसानों के लिए अनुसंधान-आधारित दो नई उन्नत किस्में भी बाजार में पेश की गई हैं.
इस अवसर पर श्रीराम फार्म सॉल्यूशंस के कार्यकारी निदेशक एवं बिजनेस हेड संजय छाबड़ा ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य अत्याधुनिक बीज, फसल संरक्षण और पौध पोषण के समाधान सीधे किसानों तक पहुंचाकर उन्हें अधिक उत्पादन, बेहतर गुणवत्ता और अधिक आय प्राप्त करने में सक्षम बनाना है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की समृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी.





