मनरेगा घोटाला प्रकरण में गैबियन बांध कार्यों पर 12 बिंदुओं की रिपोर्ट तलब

बच्चू कडू ने जांच की मांग की

अमरावती/दि.2– मेलघाट क्षेत्र में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत गैबियन बांध और सीमेंट नाला बांध (सीएनबी) निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक बच्चू कडू ने चिखलदरा तहसील प्रशासन से 12 बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और सभी संदिग्ध कार्यों की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
बताया गया है कि कुछ ग्राम पंचायतों में 25 से 30 गैबियन बांधों के निर्माण में भारी वित्तीय अनियमितताओं और घटिया गुणवत्ता के आरोप लगे हैं. आरोप है कि प्रशासन और ठेकेदारों की मिलीभगत से करोड़ों रुपये के कार्यों में मजदूरों की वास्तविक उपस्थिति के बजाय केवल दस्तावेजों के आधार पर भुगतान किया गया तथा कई निर्माण कार्य बिना तकनीकी निगरानी के पूरे किए गए. इस मामले को प्रमुखता से सामने आने के बाद विधायक बच्चू कडू ने तहसीलदार को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराने और संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
* मांगी गई प्रमुख जानकारी
विधायक ने प्रशासन से 12 बिंदुओं पर जानकारी मांगी है, जिनमें गांववार स्वीकृत सभी गैबियन एवं सीमेंट नाला बांधों की सूची, प्रत्येक कार्य की प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति की प्रतियां, मूल लागत अनुमान और तकनीकी स्वीकृति से जुड़े दस्तावेज, स्वीकृत एवं वास्तविक खर्च का विवरण, ठेकेदारों को जारी कार्यादेश (वर्क ऑर्डर), मजदूरों के मस्टर रोल, उपस्थिति और भुगतान का रिकॉर्ड, निर्माण सामग्री की खरीद के बिल और आपूर्तिकर्ताओं का विवरण,
माप पुस्तिका (मेजरमेंट बुक) की प्रमाणित प्रतियां, कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र और गुणवत्ता जांच रिपोर्ट और संबंधित अभियंताओं तथा ग्राम पंचायत स्तर की जानकारी शामिल है. विधायक ने कहा कि यदि जांच में अनियमितताएं सामने आती हैं तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.

 

Back to top button