लू के बाद अब उमस से वैदर्भीयों का हाल बेहाल!

अगले चार दिन बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने की संभावना

* मौसम विभाग ने अनुमान जारी करने के साथ ही अलर्ट भी जारी किया
अमरावती/दि.2- विदर्भ में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है. बढ़ती गर्मी का असर नागरिकों पर पड़ रहा है और लोग बुरी तरह परेशान हैं. एक तरफ राज्यभर में गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है और कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. वहीं अब मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि जहां तापमान ने चरम सीमा छू ली है, वहीं अब वहां मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है. आने वाले कुछ दिनों में राज्य में बिजली की चमक-गरज, बादलों की गड़गड़ाहट के साथ भारी बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. संभावित स्थिति को देखते हुए किसानों और नागरिकों को सावधानी बरतने की अपील की गई है.
मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान जताया है, लेकिन 2 मई को लू का भी अलर्ट जारी किया गया है. चंद्रपुर में कल (3 मई) से लगातार तीन दिनों तक बेमौसम व तुफानी बारिश की प्रबल संभावना है. इसके साथ ही गढ़चिरोली, वर्धा, यवतमाल जिलों में भी कल से तीन दिनों तक बेमौसम बारिश की संभावना जताई गई है. इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. गोंदिया में 4 और 5 मई को बारिश की संभावना है. वाशिम में 5 मई को बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं दूसरी ओर, मौसम विभाग के अनुसार आज (2 मई) नागपुर में उमस बढ़ने की संभावना है. नागपुर में आज लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके बाद मौसम में बदलाव होगा और 4 तथा 5 मई को बेमौसम बारिश का अनुमान है.
* भंडारा जिले में बेमौसम बारिश का तांडव; गर्मी की धान की फसल संकट में!
भंडारा जिले में कल (1 मई) शाम को तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश हुई. इस प्राकृतिक आपदा का सबसे अधिक असर तुमसर तहसील के धान उत्पादक किसानों पर पड़ा है, जिससे उनकी मेहनत पर पानी फिरने का खतरा पैदा हो गया है. तुमसर तहसील में तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल जमीन पर गिर गई है. कई जगह फसल कटाई के लिए तैयार थी और कुछ जगहों पर बालियां भरने की स्थिति में थी. तेज हवाओं से फसल पूरी तरह जमीन पर झुक गई है. खेतों में पानी भरने से फसल खराब होने या दाने काले पड़ने की संभावना जताई जा रही है. किसान बेहद परेशान हैं और सरकार से तुरंत पंचनामा कर मुआवजे की मांग कर रहे हैं.
* सब्जियों के दाम आसमान पर
गर्मी, तेज धूप और कुछ दिन पहले हुई बेमौसम बारिश के कारण बाजार में हरी सब्जियों की आवक काफी कम हो गई है, जिससे नागपुर में सब्जियों के दाम तेजी से बढ़ गए हैं. इस समय फरसबी 200 रुपये किलो, मेथी 160 रुपये किलो, बीन्स 160 रुपये किलो, पालक 120 रुपये किलो, कोथिंबीर 120 रुपये किलो दाम पर बिक रही हैं. अन्य सब्जियां 80 से 100 रुपये किलो के बीच हैं.
* सब्जियों के दाम:
फरसबी – 200 रुपये किलो
पालक – 120 रुपये किलो
मेथी – 160 रुपये किलो
वाल शेंग – 160 रुपये किलो
बीन्स – 200 रुपये किलो
बरबटी – 120 रुपये किलो
कुंदरू – 100 रुपये किलो
लाल भाजी – 100 रुपये किलो
कारला – 100 रुपये किलो
कोथिंबीर – 120 रुपये किलो
तुरई – 100 रुपये किलो
टमाटर – 60 रुपये किलो
फूलगोभी – 80 रुपये किलो
खीरा, गाजर, मूली – 80 रुपये किलो

Back to top button