एआई से बनाए गए नकली बाघ के फोटो-वीडियो से दहशत

अफवाहों पर लगाम लगाने की मांग

धामणगांव गढ़ी/दि.15 – एआई की मदद से बनाए गए बाघ के फर्जी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा किया जा रहा है. इन अफवाहों के कारण किसानों और पशुपालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. वन विभाग को मनुष्यबल बढ़ाकर प्रभावी गश्त करने तथा पुलिस विभाग को भी अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई कर क्षेत्र में व्याप्त डर कम करने की मांग भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अमरावती ग्रामीण जिलाध्यक्ष सुखदेव पवार ने की है.
पवार ने कहा कि बारिश होने के बाद किसानों ने खेतों में कृषि कार्य शुरू कर दिया है. सोयाबीन, संतरा समेत विभिन्न फसलें खेतों में खड़ी हैं. लेकिन बाघ के डर के कारण किसान और खेत मजदूर खेतों में जाने से कतरा रहे हैं. इससे फसलों के नुकसान की आशंका बढ़ गई है. दूसरी ओर पशुपालकों के सामने भी बड़ी समस्या खड़ी हो गई है. गाय, भैंस और बकरियों को आखिर कब तक घर में बांधकर रखा जा सकता है? पशुओं के चारे और उनके पेट भरने की चिंता भी पशुपालकों को सताने लगी है. उन्होंने कहा कि एआई से तैयार किए गए कृत्रिम बाघ के फोटो-वीडियो घर में ही रखें और झूठी अफवाहें फैलाना बंद करें. ऐसी फर्जी जानकारी के कारण वास्तविक स्थिति से अलग भय का माहौल बन रहा है. पशुधन की सुरक्षा के साथ-साथ किसानों और खेत मजदूरों की जान भी जोखिम में पड़ रही है. सुखदेव पवार ने प्रशासन से मांग की कि वन विभाग तत्काल पर्याप्त मनुष्यबल तैनात कर क्षेत्र में गश्त बढ़ाए और वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे. साथ ही पुलिस विभाग सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहें फैलाने वालों पर नजर रखकर आवश्यक कार्रवाई करे. उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और पशुपालकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन स्तर पर तत्काल प्रभावी उपाय किए जाने चाहिए.

 

Back to top button