तेज बारिश के बाद अमरावती मनपा अलर्ट

आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने किया राजापेठ और बेलपुरा का दौरा

अमरावती /दि.16 रविवार को तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. कई प्रमुख सड़कों पर बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर गिर गए, जबकि कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर आ गिरीं, जिससे यातायात बाधित हुआ. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमरावती महानगरपालिका प्रशासन ने तत्काल राहत और पुनर्वास कार्य शुरू कर दिए हैं.
इसी क्रम में सोमवार सुबह अमरावती महानगरपालिका आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने राजापेठ क्षेत्र के भूमिगत नाले और बेलपुरा इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए तथा स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान राजापेठ क्षेत्र के भूमिगत नालों की जांच की गई. आयुक्त ने अभियंताओं और अधिकारियों को नालों की तत्काल सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए. साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए नालों की नियमित सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा. तेज आंधी के कारण बेलपुरा क्षेत्र में कई स्थानों पर बड़े पेड़ सड़कों पर गिर गए थे, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और नागरिकों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो गया था. इसके बाद मनपा के उद्यान विभाग, अतिक्रमण विभाग, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन दल ने रात से ही युद्धस्तर पर अभियान चलाया. गिरे हुए पेड़ों को हटाने, शाखाओं की कटाई करने और सड़कों को यातायात के लिए सुचारु करने का कार्य तेजी से किया गया.
आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए. उन्होंने बारिश के मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक सतर्क रखने, नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा. साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक पूर्व तैयारी करने के निर्देश भी दिए. मनपा आयुक्त ने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में महानगरपालिका के नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की है. वहीं प्रशासन ने बताया कि शहर की प्रमुख सड़कों, नालों, भूमिगत सीवर लाइनों और जलभराव वाले क्षेत्रों का विशेष निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को कम से कम परेशानी हो. इस दौरान उपायुक्त नरेंद्र वानखड़े, शहर अभियंता रविंद्र पवार, सहायक आयुक्त भुषण पुसतकर, स्वच्छता विभाग के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय जाधव, कार्यकारी अभियंता सुहास चव्हाण तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

Back to top button