सीजेपी के दिल्ली आंदोलन के मद्देनजर अमरावती में हाई अलर्ट
विभागीय आयुक्त व जिलाधीश कार्यालय सहित इर्विन चौक पर लगा कड़ा पुलिस बंदोबस्त

* 3 पुलिस निरीक्षक, 9 उपनिरीक्षक और 103 कर्मचारी तैनात, प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी
अमरावती/दि.10- कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से दिल्ली में घोषित मोर्चे और आंदोलन के मद्देनजर अमरावती शहर पुलिस सतर्क हो गई है. शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने ऐहतियाती कदम उठाते हुए विभागीय आयुक्त कार्यालय, जिलाधीश कार्यालय और इर्विन चौक स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पुतला परिसर में कड़ा पुलिस बंदोबस्त तैनात किया है.
जानकारी के मुताबिक, इर्विन चौक को बंदोबस्त के लिहाज से प्रमुख केंद्र बनाया गया है. इसकी वजह यह है कि जिलाधीश और विभागीय आयुक्त कार्यालय की ओर जाने वाले अधिकांश मोर्चों की शुरुआत इसी चौराहे से होती है. इसके अलावा यहां समय-समय पर धरना-प्रदर्शन भी आयोजित किए जाते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने इर्विन चौक स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पुतला परिसर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की है. वहीं, विभागीय आयुक्त कार्यालय और जिलाधीश कार्यालय परिसर में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटा जा सके.
* 115 पुलिस अधिकारी-कर्मियों पर बंदोबस्त की जिम्मेदारी
सीजेपी के दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए अमरावती शहर में कुल 115 पुलिस अधिकारी-कर्मियों की तैनाती की गई है. इनमें तीन पुलिस निरीक्षक, नौ पुलिस उपनिरीक्षक और 103 पुलिस कर्मचारी शामिल हैं. पुलिस आयुक्त राकेश ओला तथा पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे और प्रांजली सोनवणे बंदोबस्त पर विशेष नजर रखे हुए हैं. पुलिस प्रशासन का उद्देश्य शहर में शांति बनाए रखने के साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति को किसी भी तरह प्रभावित होने से रोकना है.





