अमरावती क्षेत्र के उपभोक्ताओं को तीन माह में 1.65 करोड़ रुपये की बचत
स्मार्ट टीओडी मीटर

* घरेलू ग्राहकों के लिए मीटर बैठाने का अभियान शुरु
अमरावती/दि.22– स्मार्ट टीओडी (टाइम ऑफ डे) मीटर योजना का लाभ अमरावती परिमंडल के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को तेजी से मिल रहा है. अप्रैल से जून 2026 के दौरान क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली उपयोग पर कुल 1 करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये की छूट प्राप्त हुई है.
महाराष्ट्र विद्युत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित नई दरों के अनुसार दिन के समय बिजली उपयोग करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट 80 पैसे से 1 रुपये तक की छूट दी जा रही है. 1 जुलाई 2025 से इस योजना का लाभ शुरू हुआ था. जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक प्रति यूनिट 80 पैसे की छूट दी गई, जबकि अप्रैल 2026 से इसे बढ़ाकर 85 पैसे प्रति यूनिट कर दिया गया है.
* दिन में बिजली उपयोग करने पर अधिक लाभ
स्मार्ट टीओडी मीटर के तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली उपयोग करने पर उपभोक्ताओं को रियायत मिलती है. ऐसे में वॉशिंग मशीन, गीजर, एयर कंडीशनर और अन्य अधिक बिजली खपत वाले उपकरण इस समय उपयोग करने से बिजली बिल में बचत हो सकती है. स्मार्ट मीटर की मदद से बिजली खपत का रीडिंग स्वचालित और सटीक तरीके से दर्ज होता है. साथ ही उपभोक्ता मोबाइल के माध्यम से घंटे-घंटे की बिजली खपत की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, जिससे बिजली उपयोग पर बेहतर नियंत्रण संभव हो जाता है.
* अमरावती और यवतमाल के लाखों उपभोक्ताओं को फायदा
अप्रैल, मई और जून 2026 के दौरान अमरावती परिमंडल के लगभग 5.56 लाख उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिला. अमरावती जिले के 3.28 लाख उपभोक्ताओं को 1 करोड़ 12 लाख 56 हजार रुपये की छूट मिली. यवतमाल जिले के 2.28 लाख उपभोक्ताओं को 52 लाख 54 हजार रुपये की छूट प्रदान की गई.
* स्मार्ट मीटर प्रीपेड नहीं, पोस्टपेड है
महावितरण ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट टीओडी मीटर प्रीपेड नहीं बल्कि पोस्टपेड हैं. उपभोक्ताओं को पहले की तरह बिजली उपयोग के बाद ही बिल मिलेगा. मीटर लगाने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा. महावितरण ने यह भी कहा है कि स्मार्ट मीटर को लेकर यदि उपभोक्ताओं के मन में कोई शंका है तो उसका समाधान किया जाएगा. विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग करें, ताकि उन्हें बिजली बचत और बिल में छूट का अधिकतम लाभ मिल सके.





