टीईटी पेपर लीक के विरोध में अमरावती युवक कांग्रेस का प्रदर्शन

शिक्षा मंत्रीें का पुतला फूंका

अमरावती/दि.29– महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के कथित पेपर लीक मामले को लेकर अमरावती शहर जिला युवक कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे का पुतला दहन कर घटना की कड़ी निंदा की.
युवक कांग्रेस का आरोप है कि भिवंडी से सामने आई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के बाद परीक्षा स्थगित करनी पड़ी, जिससे लाखों उम्मीदवारों का भविष्य प्रभावित हुआ है. संगठन ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से राज्य की परीक्षा व्यवस्था पर छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है और विद्यार्थियों में भारी आक्रोश है. युवक कांग्रेस ने मांग की कि पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने लाई जाए. साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग भी की गई.
संगठन ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार को परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए तथा नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित कर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उम्मीदवारो को किसी प्रकार की अतिरिक्त आर्थिक या मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े. इस आंदोलन का नेतृत्व अमरावती शहर (जिला) युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष निलेश गुहे, जिला उपाध्यक्ष नितीन काले तथा एनएसयूआई अध्यक्ष स्वराज पोटे ने किया. इस दौरान सूरज खैरे, अनिकेत क्षीरसागर, मयूर गोटखडे, राज ठाकरे, योगेश घोडेस्वार, राम बोबडे, मयूर कांडलकर, सूरज चव्हाण, ओम उंबरकर, पियुष डाबेराव, अमित पाटील, प्रशांत येवले, लकी खेवले, प्रतीक वरीकर, उज्ज्वल टिकार, वैभव कराले, स्वप्नील पंडित, उमेर शेख, सिद्धन शेख और सुजन चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Back to top button