अमरावती के विकास को मिलेगी ‘गैस गति’

सरकार की नई नीति लागू, आय में होगी वृद्धि

अमरावती/दि.25- राज्य के शहर अब पहले की तुलना में ज्यादा स्मार्ट व प्रदूषणमुक्त होनेवाले है. केंद्र सरकार द्वारा 24 मार्च 2026 को जारी किया गया ‘नैसर्गिक वायू व पेट्रोलियम पदार्थ वितरण आदेश-2026’ अब अमरावती महानगर पालिका सहित राज्य की सभी स्थानीय स्वायत्त निकायों के लिए लागू किया जा रहा है. इस निर्णय के चलते पीएनजी (पाइप्ड नैचरल गैस) पाइप लाइन के नेटवर्क का विस्तार करने हेतु एकसमान कार्यपद्धति निश्चित हुई है. जिस पर अमल को गतिमान भी किया जाएगा. इस नए प्रकल्प के चलते महानगर पालिका की आय में काफी वृद्धि होगी और शहर के विकास को गैस से गति मिलेगी.

* क्या है शासन निर्णय
पीएनजी के विस्तार में आनेवाली दिक्कतों को दूर करने की केंद्र सरकार ने नई नियमावली जारी की थी और अब राज्य सरकार द्वारा इस निर्णय को स्थानीय स्वायत्त संस्थाओं के लिए जस का तस लागू किया गया है.

* शहर होगा प्रदूषणमुक्त
आगामी समय में अमरावती शहर के सभी होटलों, व्यवसायों, औद्योगिक वसाहत (एमआईडीसी) एवं गृह निर्माण सोसायटियों में सीधे पाइप लाइन के जरिए गैस पहुंचाएगी जाएगी. जिसके चलते सिलेंडरों को लाने-ले जाने में लगनेवाले समय और श्रम की बचत होने के साथ ही सिलेंडर ढुलाई की वजह से होनेवाले प्रदूषण को भी कम करने में मदद मिलेगी.

* मनपा को होनेवाले फायदे
– आय का नया स्त्रोत – गैस कंपनियों की ओर से मिलनेवाले सडक खुदाई शुल्क एवं वार्षिक किराए के चलते अमरावती महानगर पालिका की तिजोरी में अच्छा-खासा राजस्व जमा होगा. जिससे आर्थिक स्थिति गडबडाई रहनेवाली अमरावती महानगर पालिका को आर्थिक आधार मिलेगा.
– नियोजित विकास – रास्तों की खुदाई एवं दुरुस्ती से पहले महानगर पालिका एवं गैस कंपनियों के बीच आपसी समन्वय को अनिवार्य किया गया है. जिससे बार-बार सडकोंको खोदने की जरुरत नहीं पडेगी.
– प्रशासकीय कामों में आसानी – अनुमति के लिए अब जिला स्तर पर अथवा मंत्रालय के चक्कर नहीं काटने पडेंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही सिंगल विंडो के जरिए कामों का निपटारा होगा.

* अमरावतीवासियों को होगी सुविधा
अमरावती मनपा क्षेत्र में इस निर्णय पर अमल शुरु होते ही नागरिकों को इसके कई फायदे मिलने शुरु होंगे. जिसके तहत 24 घंटे गैस की अखंडित व अबाधित आपूर्ति होगी और सिलेंडर के खत्म हो जाने का डर नहीं रहेगा.
– एलपीजी सिलेंडर की तुलना में पीएनजी की कीमत 20 से 25 फीसद कम रहती है. जिसके चलते उपभोक्ताओं के पैसों की भी बचत होगी. इसके अलावा जितने गैस का प्रयोग किया जाएगा, उतनी ही गैस का बिल भरना होगा. जिसके चलते पहले पैसे देने या डिपॉजिट भरने की झंझट से मुक्ति मिलेगी.
– नल के पानी की तरह पाइप लाइन के जरिए गैस को प्रत्येक घर तक पहुंचाया जाएगा. खास बात यह है कि, यह गैस काफी हलकी होती है. जिसके चलते अगर कहीं पर गैस लिकेज वाली स्थिति बनती है, तो यह गैस तुरंत उपर उठकर हवा में घुल जाती है. जिसके चलते इस गैस की वजह से किसी भी तरह का हादसा घटित होने की भी कोई संभावना नहीं रहती.

Back to top button