मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की जंग हार गई

जंगली सूअर के हमले में घायल गोविंद पिंजरकर का निधन

अमरावती/दि.26 – अमरावती के शेगांव रोड स्थित आशियाड कॉलोनी में मॉर्निंग वॉक के दौरान जंगली सूअर के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए 75 वर्षीय गोविंद पिंजरकर का शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान निधन हो गया. 24 जून को हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद उनका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन सुबह करीब 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. इस घटना के बाद कॉलोनी में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय नागरिक प्रशासन के प्रति नाराजगी जता रहे हैं.
* मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ था हमला
24 जून की सुबह करीब 5.15 बजे गोविंद पिंजरकर रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. आशियाड कॉलोनी स्थित विघ्नहर्ता गणपति मंदिर के सामने खाली मैदान से अचानक निकले एक जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया. सूअर ने उनके शरीर पर कई जगह गंभीर काट लिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए. हमले में उनकी एक उंगली भी क्षतिग्रस्त हो गई थी. इस पूरी घटना का वीडियो पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहरभर में चर्चा का विषय बन गया.
* कॉलोनी में डर का माहौल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष इसी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी भी सामने आई थी. अब जंगली सूअरों की बढ़ती आवाजाही ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है. रहवासियों को आशंका है कि सूअरों की वजह से भविष्य में तेंदुआ भी फिर से आबादी वाले क्षेत्र में आ सकता है. इसके चलते लोग सुबह-शाम और रात में घर से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं.
* नागरिकों की प्रमुख मांगें
गोविंद पिंजरकर के निधन के बाद आशियाड कॉलोनी के रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जिस खुले क्षेत्र और नाले के रास्ते जंगली जानवर कॉलोनी में प्रवेश करते हैं, वहां तत्काल मजबूत कंपाउंड वॉल बनाई जाए या नाले को पूरी तरह आरसीसी संरचना से ढककर बंद किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
* परिवार की अपील
मृतक के पुत्र प्रवीण गोविंद पिंजरकर ने कहा कि उनके पिता अब वापस नहीं आ सकते, लेकिन ऐसी घटना किसी और परिवार के साथ न हो. उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे अकेले मॉर्निंग वॉक पर न जाएं और अपनी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखें. साथ ही प्रशासन से भी शहर में जंगली सूअरों की समस्या पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की.

Back to top button