अकोली रेलवे क्रॉसिंग पर बनाया जाए ओवरब्रिज
अंडरपास के स्थायी समस्या के समाधान के लिए आरओबी निर्माण की मांग तेज

* मनपा सभागृह नेता चेतन गावंडे ने रेलमंत्री वैष्णव के नाम सांसद डॉ. अनिल बोंडे को सौंपा ज्ञापन
* पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल भी रहे उपस्थित, मांग का किया समर्थन
अमरावती/दि.1– अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र के साईनगर प्रभाग स्थित अकोली अंडरपास में हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए अकोली अंडरपास के स्थान पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण किए जाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है. अमरावती महानगरपालिका के सभागृह नेता तथा पूर्व महापौर चेतन गावंडे ने इस संबंध में केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है और इस विषय को लेकर केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे को एक ज्ञापन सौंपा. इस समय उपस्थित विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे पाटिल ने भी इस मांग का समर्थन किया.
मनपा के सभागृह नेता चेतन गावंडे ने बताया कि अकोली अंडरपास में हर मानसून के दौरान बड़ी मात्रा में पानी जमा हो जाता है, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित होता है. जलभराव के कारण विद्यार्थियों को स्कूल और महाविद्यालय पहुंचने में कठिनाई होती है, वहीं वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, कर्मचारियों तथा वाहन चालकों को भी भारी असुविधा झेलनी पड़ती है. कई बार आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एम्बुलेंस की आवाजाही भी बाधित हो जाती है. उन्होंने कहा कि इस समस्या पर केवल अस्थायी उपाय करने के बजाय स्थायी समाधान के रूप में रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण आवश्यक है. इसी मांग को लेकर राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे के माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन सौंपा गया. साथ ही इस समय उपस्थित प्रतिनिधिमंडल ने सांसद डॉ. बोंडे से इस संदर्भ में प्रभावी पहल करने का अनुरोध भी किया.
इस अवसर पर विधायक प्रवीण पोटे पाटिल, भाजपा नेता तुषार भारतीय, स्वीकृत पार्षद एड. प्रशांत देशपांडे, पार्षद प्रदीप उर्फ बंडू हिवसे तथा पूर्व पार्षद चेतन पवार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे. प्रतिनिधिमंडल ने सांसद डॉ. अनिल बोंडे से मुलाकात कर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष अकोली अंडरपास के स्थान पर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव प्रभावी ढंग से रखने का आग्रह करते हुए कहा कि, अकोली अंडरपास की समस्या वर्षों से बनी हुई है और हर बारिश में क्षेत्र के हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है. ऐसे में यदि आरओबी का निर्माण होता है तो न केवल वर्तमान समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि भविष्य की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को भी पूरा किया जा सकेगा.





