नवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, दंपति गिरफ्तार
5 से 7 वर्षों तक अधिक मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठने का आरोप

* 25 से 30 परिवार प्रभावित
मोर्शी /दि.1- अमरावती जिले के मोर्शी शहर में निवेश पर अधिक मुनाफा और आकर्षक ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में एक महिला और उसके पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच मोर्शी पुलिस कर रही है.
जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला ने शुरुआत में अपने रिश्तेदारों और परिचितों से निवेश के नाम पर पैसे जुटाए. लोगों का विश्वास जीतने के लिए शुरुआती दौर में तय समय पर ब्याज और कुछ निवेशकों को मूलधन भी लौटाया गया. इससे लोगों का भरोसा बढ़ता गया और बड़ी संख्या में नागरिक निवेश करने लगे. आरोप है कि महिला लोगों को बताती थी कि उसके भाई की कंपनी में निवेश करने पर मोटा मुनाफा और आकर्षक ब्याज मिलेगा. इस झांसे में आकर कई लोगों ने 5 लाख, 10 लाख, 20 लाख रुपये तक निवेश किए, जबकि कुछ निवेशकों ने डेढ़ करोड़ रुपये तक की रकम भी सौंप दी.
बताया जा रहा है कि यह सिलसिला पिछले 5 से 7 वर्षों से चल रहा था. जब निवेशकों ने अपनी जमा राशि वापस मांगनी शुरू की तो आरोपी दंपति ने टालमटोल शुरू कर दी. पीड़ितों का आरोप है कि पैसे मांगने पर महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ होने का बहाना बनाकर रकम लौटाने से बचती रही. इस कथित निवेश घोटाले से करीब 25 से 30 परिवार प्रभावित हुए हैं. पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने जीवनभर की जमा पूंजी, खेती बेचकर मिली रकम, सेवानिवृत्ति निधि और कर्ज लेकर जुटाए गए पैसे निवेश किए थे, जिससे अब वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, 4 से 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी होने की आशंका जताई जा रही है.
हाल ही में बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाएं और अन्य नागरिक अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम से मिले और लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी. शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मोर्शी पुलिस ने साक्ष्य जुटाए. जांच में शिकायतों की पुष्टि होने पर थाना प्रभारी राहुल आठवले के मार्गदर्शन में आरोपी दंपति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित निवेश घोटाले में कुल कितनी राशि का गबन हुआ है और कितने लोग इसके शिकार बने हैं.





