अमरावती के राज्य सेवाहक्क आयुक्त बने अरुण डोंगरे
मुंबई में 12 मई को दिलाई जाएगी शपथ

अमरावती/दि.8 – अरुण डोंगरे की नियुक्ति अमरावती विभाग के राज्य सेवाहक्क आयुक्त के रूप में की गई है. वे महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा) के सेवानिवृत्त मुख्य अधिकारी रह चुके हैं. उन्हें 12 मई को मुंबई में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी. राज्य सेवाहक्क आयोग के मुख्य आयुक्त मनुकुमार श्रीवास्तव राज्यपाल की ओर से उन्हें शपथ दिलाएंगे.
अरुण डोंगरे ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत उपजिल्हाधिकारी एवं उपविभागीय अधिकारी के रूप में मंगरूळपीर से की थी. इसके बाद उन्होंने मूर्तिजापुर, दारव्हा और अचलपुर में उपविभागीय अधिकारी, अमरावती में अतिरिक्त जिल्हाधिकारी तथा अमरावती और नागपुर में महसूल उपायुक्त के रूप में सेवाएं दीं. अमरावती महानगरपालिका के आयुक्त रहते हुए उन्होंने ऑनलाइन भवन अनुमति प्रणाली लागू की, जिससे नागरिकों को निर्माण अनुमति प्राप्त करना आसान हुआ. सोलापुर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहते हुए स्वच्छ भारत अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अमिताभ बच्चन के हाथों सम्मानित किया गया था. उन्होंने नांदेड़ के जिलाधिकारी के रूप में जलयुक्त शिवार योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया. इसके अलावा साईबाबा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी उन्होंने सफलतापूर्वक कार्य किया है.





