डिमांड बढते ही 800 रुपए क्विंटल पर पहुंचा गन्ना
पिछले वर्ष उछला था 1 हजार रुपए क्विंटल तक

* सोमवार को 110 क्विंटल की बिक्री, शहर में लगी जगह-जगह दुकाने
अमरावती /दि.26 – शहर में गर्मी बढते ही गन्ने की मांग में तेजी आ गई है. जिससे इसके दाम भी बढकर 800 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए है. बढती गर्मी के चलते लोग ठंडे पेय की ओर रुख कर रहे है. जिसमें गन्ने का रस सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है. सोमवार को शहर में करीब 110 क्विंटल गन्ने की बिक्री दर्ज की गई. बाजार और सडकों के किनारे बडी संख्या में रसवंती सज गई है, जहां दिनभर ग्राहकों की भीड देखी जा रही है. कुछ लोग चलती-फिरती दुकान लेकर भी गली-गली घूम रहे है. इससे रोजगार का साधन उपलब्ध हुआ है.
व्यापारियों के अनुसार विगत वर्ष के ग्रीष्मकाल में गन्ने का भाव 1 हजार रुपए क्विंटल तक उछला था. अभी आगे जैसे-जैसे तापमान बढेगा, गन्ने की मांग और बढने की संभावना है. इसी के चलते कीमतो में भी उतार-चढाव बना रह सकता है. वहीं, रस विक्रेताओं का कहना है कि, अच्छी गुणवत्ता वाले गन्ने की आवक सीमित होने के कारण दाम में बढोतरी हुई है. गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ने के रस को प्राथमिकता दे रहे है. जिससे कारोबारियों को भी अच्छा मुनाफा हो रहा है.
* नींबू की बडी खटास
गर्मी के बढते असर के साथ ही नींबू की मांग तेज हो गई है. जिसका असर सीधे इसके दामों पर देखने को मिल रहा है. थोक बाजार में नींबू के भाव बढकर 6 से 7 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए है. नींबू शरबत, शीतल पेय, सिकंजी और अन्य पेय पदार्थों में नींबू की मांग अधिक होने के कारण इसकी कीमतो में उछाल आया है. आवक में कमी भी दाम बढने की एक वजह मानी जा रही है. मंडियों में इस समय नींबू की सप्लाई सीमित है. जबकि मांग लगातार बढ रही है. ऐसे में आनेवाले दिनों में कीमतों में और भी बढोतरी की संभावना जताई जा रही है. खुदरा बाजारा में भी इसका असर दिखाई देने लगा है. जहां आम लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड रही है. गर्मी से राहत पाने के लिए नींबू की बढती मांग ने इसकी खटास के साथ-साथ दाम भी बढा दिए है.
* मंडी में विविध मौसमी फलों की आवक
फल आवक भाव
(क्विंटल) (रुपए)
संतरा 280 2500
चीकू 60 4000
अनार 70 16000
अंगूर 200 8000
पपीता 110 2000
नींबू 70 7000
तरबूज 870 900
खरबूज 690 1600
रामफल 60 5500
कैरी 70 4500
गन्ना 110 800





