गोल्डन गर्ल कुमकुम मोहोड और यशदीप भोगे का ऐतिहासिक स्वागत
खुली जीप में गुलाब की मालाओं से लदे थे एशियाई खेलों के मेडल विजेता

* राजकमल चौक से खेल संकुल तक सुंदर रैली
* खूब बजे ढोल-ताशे, आतिषबाजी, फूलमालाओं की बरसात
* भारत माता के जयकारे, खूब लहराया तिरंगा
अमरावती /दि.5- अंबानगरी की कुमकुम मोहोड, भारती फूलमाली और यशदीप भोगे की अविस्मरणीय एशियाई गेम्स सफलता के कारण आज सुबह राजकमल चौक पर उनका जिला खेल विभाग द्वारा जोरदार स्वागत किया गया. उपरांत राजकमल से लेकर मोर्शी रोड स्थित विभागीय खेल संकुल तक स्वागत रैली निकाली गई. जिसमें खेल उपसंचालक अविनाश पुंड, जिला खेल अधिकारी जाधव सहित खेल जगत के गणमान्यों का उत्साहपूर्ण सहभाग रहा. वहीं राजनीतिक दलों के लीडर्स भी मेडल विजेता खिलाडियों की पीठ थपथपाने पहुंचे थे.
राजकमल पर सीताराम बाबा मार्केट के चबूतरे पर स्टेज बनाकर स्वागत किया गया. सांसद डॉ. अनिल बोंडे, शहर की विधायक सुलभा संजय खोडके, मेयर श्रीचंद तेजवानी, जिलाधीश आशीष येरेकर, पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, खेल संचालक अविनाश पुंड, महाराष्ट्र ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एड. प्रशांत देशपांडे, तीरंदाजी असो. के पदाधिकारी चांदुरकर, कबड्डी असो. के राष्ट्रीय महासचिव जीतू ठाकुर, प्रशिक्षक प्रफुल्ल डांगे, गणेश विश्वकर्मा, हव्याप्र मंडल से प्रा. डॉ. संजय तीरथकर, मणिबाई शाला की प्रधान अध्यापिका अंजलि देव, जिला खेल अधिकारी गणेश जाधव आदि ने स्वर्णपदक सहित तीन पदक जीतने वाली कुमकुम मोहोड, रजत पदक विजेता यशदीप भोगे का जोरदार स्वागत सत्कार किया. उसी प्रकार क्रिकेट गोल्ड जीतने वाली भारती फूलमाली के पिता श्रीकृष्ण फूलमाली का भावभीना सत्कार उपस्थितों की तालियों की गडगडाहट और भारत माता के जयघोष के साथ किया गया.
* फोडे गए पटाखे, खूब बजे ताशे
खेल विभाग द्वारा रखे गए स्वागत जुलूस में खूब पटाखों की लडियां फोडी गई. ढोल-ताशे बजाए गए. उसी प्रकार खुली जीप में चारों ओर तिरंगे लहराते रहे. जिसमें पदक विजेता खिलाडियों को बैठाया गया था. मार्ग में अनेक स्थानों पर अमरावती के सामान्य लोगों ने पदक विजेता गोल्डन गर्ल कुुमकुम और यशदीप भोगे के साथ-साथ उनके परिजनों का भी गुलदस्ते, फूलमालाएं और मिठाईयों से स्वागत किया.
* आए अनेकानेक गणमान्य
राजकमल चौक पर रखे गए स्वागत दौरान न केवल कलेक्टर और डीएसपी पहुंचे थे, बल्कि खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुडे गणमान्य, नगरसेवक, लीडर्स पहुंचे थे. उनमें मोहोड दंपति अनिल और रुपाली, भोगे परिवार, फूलमाली परिवार, अनेक खेल संगठन के पदाधिकारी, राष्ट्रवादी के नगरसेवक मनीष बजाज, मीनल सवाई, प्रशांत उर्फ गुड्डू धर्माले, चंदू खेडकर, समाजसेवी महेंद्र भूतडा, एड. राजेंद्र पांडे, पूर्व महापौर किशोर शेलके, मणिबाई गुजराती हाईस्कूल के अध्यपक वर्ग, छात्र-छात्राएं काफी संख्या में एवं उत्साह से उपस्थित रहे.
* 70 लाख दिए, और देंगे
जिलाधीश आशीष येरेकर ने कहा कि, अमरावती में खेल सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहेगी. बल्कि तीरंदाजी क्षेत्र के लिए 70 लाख का फंड दिया गया है. जरुरत पडी तो और भी फंड दिया जाएगा.
* ऐतिहासिक पल, अमरावती का सिर गर्व से उंचा
सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने इस समय कहा कि, आज की यह बेला ऐतिहासिक क्षण है. पहली बार एशियाई खेलों में व्यक्तिगत स्वर्णपदक, रजत पदक अमरावती के होनहार खिलाडियों कुमकुम मोहोड, भारती फूलमाली, यशदीप भोगे ने जीते हैं. अमरावती का सिर गर्व से उंचा किया है. यह बडी उपलब्धियां है. अमरावती इन सभी खिलाडियों का हम सभी को सार्थ अभिमान है, बल्कि इन्होंने अब ओलंपिक पदकों की उम्मीद जगा दी है. डॉ. बोंडे ने कहा कि, निश्चित ही खिलाडियों के लगन, परिश्रम और उनके परिजनों के समर्पण से आज की यह सुनहरी घडी आई है. आगे भी खेल-खिलाडियों को सभी प्रकार की सुविधाएं देने महायुति सरकार कटिबद्ध है.





