गंभीर अपराधों में वांछित तीन आरोपी एंटी गुंडा दस्ते के हत्थे चढ़े

बडनेरा पुलिस थाना क्षेत्र में कार्रवाई

* एक आरोपी पर शहर से तड़ीपार के बावजूद क्षेत्र में रहने का आरोप
अमरावती/दि.5 – अमरावती शहर में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में वांछित तथा न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी तीन आरोपियों को परिमंडल-1 के एंटी गुंडा दस्ते ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया. तीनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बडनेरा पुलिस के हवाले किया गया है.
जानकारी के मुताबिक प्रमुख जिला एवं सत्र न्यायालय की ओर से गिरफ्तारी वारंट जारी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस उपायुक्त परिमंडल-1 के निर्देश पर एंटी गुंडा दस्ते को लगाया गया था. गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया. पकड़े गए आरोपियों के नाम बडनेरा निवासी पलाश जगदीश कैथवास, मयूर जगदीश कैथवास और शिवम मिथिलेश कैथवास है. पुलिस के मुताबिक तीनों गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में वांछित थे और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी था.
* तड़ीपार आरोपी क्षेत्र में मिला
कार्रवाई के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पलाश जगदीश कैथवास को इससे पहले अमरावती पुलिस आयुक्त ने अमरावती शहर पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र से तड़ीपार किया था. इसके बावजूद उसके शहर की सीमा में रहने का आरोप है. इस मामले में उसके खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 142 के तहत अलग से कार्रवाई की गई है.
* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला तथा पुलिस उपायुक्त परिमंडल-1 सालुंखे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक मिलिंद हिवरे, पुलिस हेड कांस्टेबल सुभाष पाटील, हेड कांस्टेबल सतीश देशमुख सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं शासकीय वाहन चालक चंद्रकांत जनबंधू ने की.

Back to top button