एनर्जी मिल्क टोस्ट पर एस्पार्टेम नहीं लिखा
एफडीए ने जब्त की 16 लाख की ब्रेड

* अमरावती के शोभा नगर में छापा
* नागपुर के कारखाने पर भी रेड
* लोगों के खानपान पर आयुक्त मुंढे की कडी नजर
अमरावती/दि.10 – एक अफसर के आ जाने से विभाग के कामकाज, कार्यवाही पर कितना असर होता है, यह पिछले दो माह से महाराष्ट्र के लोग देख रहे हैं. जबसे तुकाराम मुंढे ने एफडीए अर्थात फूड व ड्रग विभाग का आयुक्त पद संभाला है. पैकेजिंग फूड से लेकर होटल, रेस्टारेंट, दवा दुकानों, गुटखा विक्रेता और निर्माता पर छापामार कार्रवाई चल रही है. धडाकेबाज मुखिया मिलने से एफडीए अधिकारी, निरीक्षक भी कार्रवाई तेज किए हुए हैं. जिसमें अमरावती में अनेक होटल, रेस्टारेंट के साथ-साथ अब पैकेजिंग फूड पर भी बारीकी से नजर रखकर कार्रवाई हो रही है. इसी कडी कृत्रिम स्वीटनर एस्पार्टेम का मात्रा उल्लेख नहीं होने से अधिकारियों ने शोभा नगर में डेअरी विक्रेता के यहां कार्रवाई की. एनर्जी मिल्क टोस्ट में कृत्रिम स्वीटनर का उपयोग दर्ज नहीं होने से बडी मात्रा में माल जब्त किया गया.
* शोभा नगर से 32 पैकेट जब्त
उक्त एनर्जी मिल्क टोस्ट के शोभा नगर से 32 पैकेट जब्त किए गए. एफडीए अधिकारी गजानन गोरे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई. जब्त माल का सैम्पल आगे की जानकारी के लिए सीधे आयुक्त तुकाराम मुंढे को भेजे जाने की भी जानकारी है.
* छोटे बच्चों और गर्भवतीयों के लिए खतरनाक
ब्रेड, टोस्ट के पैकेट पर इस्तेमाल किए गए सभी घटकों का उल्लेख होना आवश्यक है. उत्पाद में एस्पार्टेम का उपयोग होने पर ग्राहकों को आवश्यक चेतावनी का उल्लेख कानूनन जरुरी है. किंतु एनर्जी मिल्क टोस्ट के उपरोक्त पैकेट पर ऐसा कोई उल्लेख नहीं पाया गया. इसीलिए कार्रवाई किए जाने की जानकारी एफडीए ने दी.
एफडीए ने यह भी बताया कि, एस्पार्टेम युक्त खाद्य पदार्थ से छोटे बच्चे और महिलाओं पर गंभीर परिणाम होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता. इसलिए खाद्य पदार्थों पर इसका उल्लेख आवश्यक है. संबंधित उत्पाद में यह उल्लेख नहीं था, इसलिए उसका उत्पादन, विक्री और वितरण तत्काल रोककर कार्रवाई की गई. एफडीए की रिपोर्ट में उक्ताशय का अहवाल दिया गया है.
* नागपुर में 16 लाख की ब्रेड जब्त
अमरावती में की गई कार्रवाई और जब्ती की जानकारी एफडीए के नागपुर अधिकारियों को दी गई. तुरंत उन्होंने बूटीबोरी एमआईडीसी जाकर ब्रेड की पैकींग लेबल पर एस्पार्टेम का उल्लेख नहीं पाया, तो वहां 16 लाख का माल जब्त किया गया. अन्न सुरक्षा अधिकारी संदीप एकनाथ सूर्यवंशी की टीम ने उपरोक्त कार्रवाई किए जाने की जानकारी एफडीए अधिकारियों ने दी.
* अमरावती में होटलों के लाईसेंस रद्द
अमरावती में प्रसिद्ध रोशनी होटल सहित अनेक रेस्टॉरेंट और उत्पाद एफडीए कार्रवाई की चपेट में आए है. पंचवटी चौक की प्रसिद्ध होटल रोशनी पर कार्रवाई होने से लोगों में हडकंप मचा है. अभी भी एफडीए लगातार होटल, रेस्टॉरेंट, दवा दुकानों, गुटखा विक्रेताओं के विरुद्ध नजरे गडाए हुए हैं. अनेक लोग एफडीए की कार्रवाई की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है.
* मुंढे आए तो सब बंद
आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे तेजी से लोकप्रिय हुए है. वे अपने प्रत्येक डिपार्टमेंट में कर्तव्यदक्ष और तत्पर कार्रवाई के लिए पहले भी समस्त राज्य में जाने जाते. एफडीए में उनके एक्शन सीधे जनता से जुडे विषय होने के कारण चर्चित हुए हैं. इसी कारण पिछले सप्ताह उनके अमरावती खास युवा वर्ग से संवाद के लिए आने पर यहां कई होटल, पान मसाला विक्रेताओं ने अपने कामकाज बंद रखने में ही भलाई समझी थी. तुकाराम मुंढे के अमरावती से जाने के बाद भी कार्रवाई का धडाका शुरु है. यह पिछले सप्ताह प्रसिद्ध होटल पर लिए गए कडे एक्शन से सिद्ध हुआ. सर्वत्र खलबली मची है. यहां तक की दवा विक्रेता भी बगैर चिठ्ठी दवाईयां देने से कतरा रहे हैं.
* एनर्जी नाम पर भी ऐतराज
उत्पादन के पैकिंग लेबल पर एनर्जी मिल्क टोस्ट ऐसा उल्लेख किया गया है, यह संभ्रम करनेवाला है. खाद्य पदार्थ की पहचान, पोषण मूल्य और अन्य गुणधर्म के बारे में पैकिंग लेबल पर झूठी अथवा गुमराह करनेवाली जानकारी नहीं देने के स्पष्ट निर्देश एफडीए ने दिए है. सामान्य बेकरी उत्पादन को विशिष्ट पोषण संबंधी मापदंड के अतिरिक्त ‘एनर्जी’ कहना ठीक नहीं, नियमों में भी नहीं होने का दावा एफडीए ने किया है. उपरोक्त ब्रेट, टोस्ट का उत्पादन रोक दिया गया है.
* क्या कहते हैं अधिकारी
अमरावती एफडीए के अन्न सुरक्षा अधिकारी गजानन गोरे ने बताया कि, शोभा नगर में एस्पार्टेम का उपयोग पैकेट पर न किए जाने से टोस्ट के 32 पैकेट जब्त कर सहायक आयुक्त सचिन केदारे को जानकारी दी गई है. उन्होंने आयुक्त तुकाराम मुंढे को जानकारी दी. जिनके निर्देश के बाद नागपुर में भी कार्रवाई की गई.
* अभिभावक बडे प्रसन्न
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के कडे निर्देशों पश्चात स्कूल-कॉलेज के पास जंक फूड और गुटखा-तंबाकू विक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने से प्रदेश के अन्य भागों की तरह अमरावती का अभिभावक वर्ग हर्षित हुआ है. इससे उनकी संतानें जंक फूड और बुरी आदतों से दूर रहेगी, यह सोचकर गृहणियां खासकर हर्षित, प्रसन्नचित्त है.





