मुंढे की बदली न हो

परेश रावल की सीएम फडणवीस से अपील

मुंबई /दि.10- महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) आयुक्त तुकाराम मुंढे की कार्यशैली इन दिनों चर्चा में है. मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लगातार कार्रवाई कर रहे मुंढे के समर्थन में अब बॉलीवुड अभिनेता परेश रावल भी सामने आए हैं. रावल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को टैग करते हुए एक्स पर पोस्ट कर अपील की है कि मुंढे को उनके मौजूदा विभाग से हटाया या उनका तबादला नहीं किया जाना चाहिए. परेश रावल ने रविवार, 9 अगस्त को एक्स पर लिखा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का प्राथमिक कर्तव्य और धर्म होना चाहिए कि वे तुकाराम मुंढे का संरक्षण करें और उन्हें उनके विभाग में काम करते रहने दें. उन्होंने मुंढे को उनके वर्तमान पद से हटाए जाने या तबादले से बचाने की मांग की.
एफडीए आयुक्त का पद संभालने के बाद से तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में विभाग ने मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा के खिलाफ कई कार्रवाई की हैं. बड़े रेस्टोरेंट और होटलों के साथ ही हाईकोर्ट की कैंटीन में भी निरीक्षण और कार्रवाई की गई. दूध में मिलावट, नकली एवं मिलावटी पनीर, मिठाइयों की गुणवत्ता, होटलों में घटिया भोजन और गुटखा बिक्री के खिलाफ भी एफडीए ने कार्रवाई की है.

Back to top button