इंजीनियर पर चाकू से हमले का प्रयास

दर्यापुर /दि.24– प्रधानमंत्री आवास योजना (घरकुल) की प्रलंबित 5 हजार रुपए की राशि नहीं मिलने से नाराज एक व्यक्ति ने दर्यापुर पंचायत समिति के घरकुल अभियंता पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया. घटना के बाद पंचायत समिति कार्यालय में हडकंप मच गया तथा कर्मचारियों में भय का माहौल है.
जानकारी के अनुसार नांदेड बु. निवासी गब्बर नामक व्यक्ति घरकुल योजना की प्रलंबित राशि के लिए कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगा रहा था. राशि नहीं मिलने से नाराज होकर उसने घरकुल अभियंता शोएब शेख से जवाब मांगा. विवाद बढने पर आरोपी ने कार्यालय में ही चाकू निकालकर अभियंता पर हमला करने का प्रयास किया. हालांकि समय रहते मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिससे बडा हादसा टल गया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. दर्यापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. इस घटना के बाद कर्मचारियों ने सुरक्षा बढाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि, आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.





