बाइक फिसली, युवक की मौत; मां और बहन गंभीर घायल
सड़क पर गड्ढे के कारण हुआ हादसा

* टेंभुर्णी मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में रोष
चांदूर रेलवे/दि.21 – यवतमाल जिले के बाबुलगांव तहसील के गालवी निवासी एक युवक की बाइक सड़क पर फिसलने से हुए हादसे में मौत हो गई. दुर्घटना चांदूर रेलवे तहसील के टेंभुर्णी गांव के पास हुई. बाइक पर सवार उसकी मां और बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों को उपचार के लिए अमरावती के जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान प्रज्वल विजय दहाके (23) के रूप में हुई है. हादसा 20 अगस्त को दोपहर करीब 1.25 बजे हुआ. प्रज्वल अपनी बाइक से कार्ला की ओर जा रहा था. इसी दौरान टेंभुर्णी गांव के पास सड़क पर मौजूद गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक फिसलकर सड़क पर जा गिरी. हादसे में प्रज्वल को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, उसकी मां कल्पना और बहन नम्रता गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों को तत्काल अमरावती के जिला सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
* सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों में नाराजगी
हादसे के बाद टेंभुर्णी मार्ग की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, उसकी मरम्मत की मांग को लेकर प्रशासन को कई बार निवेदन दिए जा चुके हैं. इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है.मामले की जांच चांदूर रेलवे पुलिस निरीक्षक मंगेश मोहोड़ के मार्गदर्शन में जमादार अतुल क्षीरसागर की टीम कर रही है.





