बडनेरा में पत्रकार भवन की राह हुई आसान
विधायक रवि राणा ने 25 लाख रुपये की निधि देने की घोषणा; नवी बस्ती में जगह का होगा निरीक्षण

अमरावती/दि.21– बडनेरा शहर के पत्रकारों के लिए स्वतंत्र और सुविधायुक्त पत्रकार भवन के निर्माण की मांग अब साकार होने की दिशा में बढ़ती दिखाई दे रही है. संयुक्त पत्रकार संघ, बडनेरा की ओर से विधायक रवि राणा को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया. विधायक राणा ने पत्रकार भवन के लिए नवी बस्ती क्षेत्र में उपयुक्त जगह का निरीक्षण कराने के साथ ही भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की निधि उपलब्ध कराने की घोषणा की.
बडनेरा अमरावती मनपा क्षेत्र का महत्वपूर्ण शहर है. यहां सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों को पत्रकार लगातार समाचार माध्यमों के जरिए सामने लाते हैं. इसके बावजूद स्थानीय पत्रकारों के लिए बैठक, पत्रकार परिषद, प्रशिक्षण, चर्चासत्र और संदर्भ साहित्य जैसी सुविधाओं से युक्त कोई स्थायी स्थान उपलब्ध नहीं है. पत्रकार भवन बनने से इन समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है. संयुक्त पत्रकार संघ ने विधायक राणा को सौंपे ज्ञापन में नवी बस्ती क्षेत्र में सरकारी अथवा महानगरपालिका की उपयुक्त जगह उपलब्ध कराने की मांग की. साथ ही पत्रकार भवन में स्वतंत्र बैठक कक्ष एवं सभागृह, पत्रकार परिषद के लिए सुसज्जित व्यवस्था, वाचनालय व संदर्भ साहित्य केंद्र, डिजिटल मीडिया एवं कंप्यूटर सुविधा, नए पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण व मार्गदर्शन केंद्र तथा सामाजिक और जनहित के विषयों पर चर्चासत्र आयोजित करने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी गई. महिला पत्रकारों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया.
* नगरसेवकों को भी सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन स्वीकार करने के बाद विधायक रवि राणा ने मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए नवी बस्ती क्षेत्र में उपलब्ध जगह का निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया. इसी क्रम में प्रभाग क्रमांक 22, नवी बस्ती, बडनेरा के नगरसेवक अजय जयस्वाल, झोन सभापति किशोर जाधव, रजनी डोंगरे और गौरी मेघवानी को भी पत्रकार भवन के लिए जगह उपलब्ध कराने संबंधी ज्ञापन सौंपा गया. स्थानीय नगरसेवकों की ओर से भी मांग को सकारात्मक प्रतिसाद मिलने की जानकारी दी गई.
* 25 लाख की घोषणा से बढ़ी उम्मीद
विधायक रवि राणा द्वारा पत्रकार भवन के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की निधि देने की घोषणा किए जाने से लंबे समय से लंबित इस मांग को अब अमलीजामा पहनाए जाने की उम्मीद बढ़ गई है. हालांकि भवन के लिए जगह का अंतिम चयन, प्रशासनिक मंजूरी, निधि की उपलब्धता और निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगामी चरणों में पूरी की जानी है. संयुक्त पत्रकार संघ ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर इन सभी प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने की अपेक्षा व्यक्त की है. इस अवसर पर संयुक्त पत्रकार संघ, बडनेरा के अध्यक्ष सिद्धार्थ बनसोड, उपाध्यक्ष मो. शोएबउद्दीन, सचिव मंगेश चौहान, सहसचिव विशाल उर्फ अविनाश गोंडाने, कोषाध्यक्ष मुख्तार अहमद, सदस्य मछिंद्र भटकर, सादिक शाह, संजय पंड्या, मो. एहतेशाम सरवर तथा सतीश भालेराव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे.





